{"vars":{"id": "123258:4912"}}

NEET-PG Re-exam Date 2026: जयपुर के टीसीएस सेंटर पर पावर फेल होने के बाद 5 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा, नया एडमिट कार्ड जारी होगा

जयपुर के सीतापुरा आईओएन डिजिटल जोन में बिजली गुल होने से नीट-पीजी परीक्षा प्रभावित हुई। प्रभावित छात्रों की दोबारा परीक्षा 5 सितंबर को होगी।
 

NEET-PG 2026 परीक्षा के दौरान जयपुर के सीतापुरा स्थित परीक्षा केंद्र पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परीक्षा के बीच अचानक बिजली चली गई. बिजली गुल होने से कंप्यूटर आधारित परीक्षा की व्यवस्था प्रभावित हुई और अभ्यर्थियों में नाराजगी फैल गई. सीतापुरा के ION डिजिटल जोन iDZ सेंटर पर परीक्षा देने पहुंचे 311 अभ्यर्थियों को इस परेशानी का सामना करना पड़ा. बिजली जाने के बाद अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र पर हंगामा किया और व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए. NEET-PG 2026 में 2.73 लाख में से 2.65 लाख छात्र 1111 सेंटर्स पर शामिल हुए. जयपुर के सीतापुरा स्थित iON Digital Zone के 2 सेंटर्स (41682 & 41683) पर TCS की वजह से पावर फेल होने के कारण परीक्षा पूरी नहीं हो पाई. इससे प्रभावित छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा 5 सितंबर 2026, शनिवार, दोपहर 3 बजे जयपुर में होगी.

नया एडमिट कार्ड और वेन्यू की जानकारी अलग से दी जाएगी. जयपुर में रविवार को कुल 15 केंद्रों पर NEET-PG 2026 परीक्षा आयोजित की जा रही है. शहर में करीब 8370 अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं.

परीक्षा के बीच अचानक चली गई बिजली

जयपुर के सीतापुरा स्थित ION डिजिटल जोन iDZ सेंटर पर परीक्षा तय समय के अनुसार शुरू हुई थी. परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कंप्यूटर आधारित माध्यम से आयोजित की जा रही थी. इसी दौरान सेंटर पर अचानक बिजली गुल हो गई. इससे परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. कंप्यूटर आधारित परीक्षा होने के कारण बिजली की व्यवस्था सीधे परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी हुई थी.

311 अभ्यर्थियों ने जताई नाराजगी

सीतापुरा के इस परीक्षा केंद्र पर कुल 311 अभ्यर्थी NEET-PG परीक्षा में शामिल हुए. बिजली जाने के बाद सेंटर पर मौजूद अभ्यर्थियों में असंतोष बढ़ गया. कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और सेंटर पर हंगामा शुरू कर दिया. मौके पर अचानक भीड़ और हलचल बढ़ गई. अभ्यर्थियों की चिंता इस बात को लेकर थी कि बिजली बाधित होने से उनकी परीक्षा और प्रदर्शन पर असर न पड़े.

जयपुर में 15 केंद्रों पर परीक्षा

NEET-PG 2026 परीक्षा जयपुर में कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है. शहर में करीब 8370 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं. परीक्षा का आयोजन कंप्यूटर आधारित टेस्ट के रूप में सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया गया है. सीतापुरा केंद्र पर बिजली गुल होने की घटना के बाद परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे. अभ्यर्थियों ने सेंटर प्रशासन से समस्या का समाधान करने और परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित होने से बचाने की मांग की.