{"vars":{"id": "123258:4912"}}

NEET-UG 2026 री-एग्जाम: अपडेटेड एडमिट कार्ड डाउनलोड करना हुआ अनिवार्य

NEET-UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को। NTA ने जारी किया निर्देश, उम्मीदवार अपना नया एडमिट कार्ड जरूर डाउनलोड करें। परीक्षा केंद्र और रोल नंबर में हो सकता है बदलाव।

 

नीट री-एग्जाम 21 जून को होना है. इसके लिए एनटीए ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. कैंडिडेट्स को कुछ अलर्ट भी भेजे गए हैं. इस बीच एक कैंडिडेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपना गुस्सा जाहिर किया है. उसका कहना है कि परीक्षा के लिए उसने एडमिट कार्ड प्रिंट करवा लिया था लेकिन अब अपडेट आया है कि एडमिट कार्ड फिर से डाउनलोड करें क्योंकि एग्जाम सेंटर और रोल नंबर में बदलाव हो सकता है. एनटीए लगातार एसएमएस, ईमेल और व्हाट्सएप के माध्यम से अभ्यर्थियों को नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की जानकारी दे रहा है. एजेंसी ने उम्मीदवारों से अपील की है कि वो परीक्षा से पहले अपना अपडेटेड एडमिट कार्ड जरूर डाउनलोड करें और उसमें दी गई जानकारी को ध्यान से जांच लें.

NEET UG 2026 की री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है. 21 जून 2026 को होने वाली री-एग्जाम परीक्षा से पहले एजेंसी अभ्यर्थियों को नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की याद दिला रही है. इसके लिए एसएमएस, ईमेल और व्हाट्सएप के जरिए रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं. NTA ने साफ किया है कि परीक्षा में शामिल होने के लिए केवल नया एडमिट कार्ड ही मान्य होगा, इसलिए उम्मीदवार समय रहते इसे डाउनलोड कर लें.

रिमाइंडर के जरिए छात्रों को दी जा रही जानकारी

NTA ने उन अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रिमाइंडर भेजना शुरू किया है जिन्होंने अभी तक अपना अपडेटेड एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं किया है. एजेंसी लगातार विभिन्न माध्यमों से उम्मीदवारों को सूचित कर रही है ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो. छात्रों को सलाह दी गई है कि वो अपने मोबाइल संदेश, ईमेल और व्हाट्सएप नोटिफिकेशन पर नजर रखें.

फर्जी संदेशों से सावधान रहने की सलाह

एजेंसी ने उम्मीदवारों को साइबर ठगी और भ्रामक संदेशों से बचने की चेतावनी भी दी है. NTA का कहना है कि कई बार परीक्षा से जुड़ी गलत जानकारी फैलाने की कोशिश की जाती है, इसलिए किसी भी अनजान लिंक या संदिग्ध संदेश पर भरोसा न करें. केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त जानकारी को ही सही मानें.