National Testing Agency RIMC Exam: जुलाई 2027 सत्र के लिए आरआईएमसी प्रवेश परीक्षा का ऐलान, 6 दिसंबर को होगी लिखित परीक्षा
राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (RIMC) में पढ़ाई का सपना देख रहे छात्रों के लिए जरूरी खबर है. जुलाई 2027 सेशन में कक्षा 8 में एडमिशन के लिए एंट्रेंस एग्जाम का प्रोसेस शुरू हो गया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से RIMC Entrance Exam आयोजित किया जाएगा. इच्छुक और एलिजिबल स्टूडेंट 30 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा पेन-पेपर मोड में होगी और इसमें लिखित परीक्षा के बाद मौखिक परीक्षा भी शामिल होगी. RIMC से पढ़ाई करने वाले कई छात्र आगे चलकर NDA और अन्य रक्षा सेवाओं की परीक्षाओं में सफलता हासिल कर चुके हैं. ऐसे में यह कॉलेज सैन्य क्षेत्र में करियर बनाने वाले छात्रों के लिए अहम विकल्प है.
30 सितंबर तक आवेदन का मौका
RIMC के जुलाई 2027 सत्र में कक्षा 8 में एडमिशन के लिए आवेदन मांगे गए हैं. इस परीक्षा के लिए वही अभ्यर्थी एलिजिबल होंगे जिनका जन्म 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच हुआ है. NTA ने आवेदन के लिए ऑनलाइन लिंक उपलब्ध कराया है. उम्मीदवार 30 सितंबर शाम 5 बजे तक आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं. परीक्षा फीस का भुगतान उसी दिन रात 11:50 बजे तक किया जा सकेगा. लेट फीस के साथ आवेदन की सुविधा 1 से 7 अक्टूबर शाम 5 बजे तक रहेगी.
कितनी देनी होगी आवेदन फीस?
सामान्य वर्ग, रक्षा कर्मियों और पूर्व सैनिकों के बच्चों तथा केंद्रीय सूची के OBC-NCL उम्मीदवारों के लिए परीक्षा फीस 1,000 रुपये है. SC और ST उम्मीदवारों के लिए फीस 750 रुपये निर्धारित की गई है. देरी से आवेदन करने पर 500 रुपये अतिरिक्त फीस देनी होगी. OBC-NCL उम्मीदवारों को आवेदन से पहले यह देखना होगा कि उनकी जाति केंद्रीय OBC लिस्ट में शामिल है या नहीं. केवल राज्य की OBC लिस्ट में शामिल उम्मीदवार इस आरक्षण का लाभ नहीं ले सकेंगे.
6 दिसंबर को होगी लिखित परीक्षा
RIMCEE की लिखित परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी. परीक्षा की अवधि 4 घंटे 30 मिनट रहेगी. परीक्षा के बाद आंसर शीट, प्रश्नपत्र सेट और आंसर-की NTA की वेबसाइट पर जारी की जाएगी. लिखित परीक्षा का रिजल्ट 20 फरवरी 2027 तक घोषित किया जाना प्रस्तावित है. इसमें सफल उम्मीदवारों के लिए अप्रैल 2027 में दूसरे चरण की मौखिक परीक्षा हो सकती है. इसकी तारीख बाद में NTA और RIMC की वेबसाइट पर जारी होगी.
NDA में भी शानदार प्रदर्शन
RIMC को सैन्य सेवाओं की तैयारी के लिए प्रमुख संस्थानों में माना जाता है. NDA-1 2025 में पहले तीनों टॉपर RIMC से थे, जबकि टॉप 10 में पांच छात्र इसी कॉलेज के थे. परीक्षा में शामिल 38 RIMC छात्रों में से 28 सफल हुए थे. NDA-II 2024 में भी RIMC के इमॉन घोष ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की थी.