SRCC Centenary Celebrations: दिल्ली यूनिवर्सिटी के एसआरसीसी कॉलेज के 100 साल पूरे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे शिरकत
दिल्ली यूनिवर्सिटी का श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) देश के प्रतिष्ठित कॉमर्स कॉलेजों में गिना जाता है. कॉलेज की स्थापना को इस साल 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं. इसी मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 7 बजे कॉलेज के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे. इस दौरान वह छात्रों और टिचर्स से संवाद करेंगे. शिक्षक दिवस के अवसर पर होने वाला यह कार्यक्रम कॉलेज के लिए खास माना जा रहा है. SRCC ने पिछले 100 वर्षों में कॉमर्स, इकोनॉमिक्स और मैनेजमेंट के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है. यहां से पढ़े कई लोगों ने शिक्षा, राजनीति, कारोबार और अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
1926 में शुरू हुआ था कॉलेज
श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की शुरुआत 1926 में उद्योगपति और समाजसेवी लाला श्रीराम ने की थी. शुरुआती दौर में कॉलेज को कमर्शियल कॉलेज के नाम से जाना जाता था और यह किराये की इमारत से संचालित होता था. बाद में इसे दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ कैंपस में जगह मिली. कॉलेज की मुख्य इमारत 1951 में तैयार हुई थी. इसका डिजाइन आर्किटेक्ट जीसी शर्मा ने तैयार किया था और इसका उद्घाटन तत्कालीन उपराष्ट्रपति डॉ. एस. राधाकृष्णन ने किया था. साल 1957 में कॉलेज दरियागंज से नॉर्थ कैंपस में शिफ्ट हुआ.
ऐसे बनी पहचान
आज SRCC को देश के प्रमुख कॉमर्स संस्थानों में शामिल किया जाता है. यहां बीकॉम ऑनर्स और बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स जैसे लोकप्रिय यूजी कोर्स के साथ एमकॉम, एमए इकोनॉमिक्स और पीजी डिप्लोमा इन ग्लोबल बिजनेस ऑपरेशंस जैसे कार्यक्रम भी चलाए जाते हैं. यूजी और पीजी में एडमिशन CUET स्कोर और DU की CSAS प्रक्रिया के जरिए होता है.
कैंपस की सुविधाएं
कॉलेज में एसी और वाईफाई से लैस कक्षाएं, कंप्यूटर लैब, ऑडिटोरियम, लाइब्रेरी, जिम और खेल सुविधाएं हैं. इसकी लाइब्रेरी में 80 हजार से ज्यादा किताबें और अन्य स्टडी मटेरियल बताई जाती है. छात्रों के लिए अलग-अलग हॉस्टल भी उपलब्ध हैं, जहां वाईफाई, डाइनिंग हॉल और कॉमन रूम जैसी सुविधाएं हैं.
चर्चित पूर्व छात्र
SRCC के पूर्व छात्रों में पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली, विजय गोयल, गुलशन ग्रोवर, जगदीश मुखी, जस्टिस ए.के. सीकरी और अभिनेत्री निम्रत कौर जैसे नाम शामिल हैं. प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी SRCC का दौरा कर छात्रों को संबोधित कर चुके हैं.