{"vars":{"id": "123258:4912"}}

UP Education News: 330 एडेड कॉलेजों में होगी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती, हिंदी में सबसे ज्यादा 195 पद खाली

उत्तर प्रदेश के 330 सहायता प्राप्त कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2,107 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज हुई। उच्च शिक्षा निदेशालय ने चयन आयोग को भेजा 44 विषयों का ब्योरा।

 

उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर है. उच्च शिक्षा निदेशालय ने 330 एडेड कॉलेजों में 44 विषयों के कुल 2,107 खाली पदों का प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है. इनमें सबसे अधिक 195 पद हिंदी विषय के हैं. लंबे समय बाद होने वाली इस भर्ती में साइंस, आर्ट्स, कॉमर्स और शिक्षा समेत कई विषयों के लिए बड़ी संख्या में पद उपलब्ध होंगे. अब चयन आयोग जल्द ही विज्ञापन जारी कर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर सकता है, जिसका इंतजार हजारों उम्मीदवार कर रहे हैं.

उत्तर प्रदेश के 330 सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है. उच्च शिक्षा निदेशालय ने 44 विषयों के कुल 2,107 खाली पदों की डिटेल्स उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेज दिया है. इन पदों में 1,699 रिक्तियां सह-शिक्षा महाविद्यालयों की हैं, जबकि 408 पद महिला महाविद्यालयों के लिए हैं. वहीं प्रदेश के 21 अल्पसंख्यक सहायता प्राप्त कॉलेजों ने किसी भी रिक्त पद की जानकारी नहीं भेजी है.

हिंदी में सबसे ज्यादा 195 पद

करीब चार साल बाद होने वाली इस भर्ती में हिंदी विषय के सबसे अधिक 195 पद हैं. इसके बाद केमिस्ट्री में 178, बीएड में 176, अंग्रेजी में 111, बॉटनी में 104, अर्थशास्त्र में 103 और संस्कृत में 100 पद शामिल किए गए हैं. चयन आयोग पहले ही सभी विषयों का नया सिलेबस जारी कर चुका है. अब विभागीय स्तर पर चर्चा पूरी होने के बाद भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जारी होने की संभावना है.

17 विषयों में 50 से ज्यादा रिक्तियां

इस भर्ती में 17 ऐसे विषय हैं जिनमें 50 से अधिक पदों पर नियुक्तियां होंगी. कॉमर्स में 99, फिजिक्स में 98, भूगोल में 96, राजनीतिशास्त्र में 94, जूलॉजी में 91, समाजशास्त्र में 81, मनोविज्ञान में 71, विधि में 61, इतिहास में 60 और मैथ्स में 51 पद प्रस्तावित हैं. इससे विभिन्न विषयों के अभ्यर्थियों को अच्छी संख्या में अवसर मिलने की उम्मीद है.

कई विषयों में बहुत कम पद

कुछ विषय ऐसे भी हैं जिनमें रिक्तियों की संख्या काफी कम है. एशियन कल्चर, मानव विज्ञान और संगीत वादन (सितार) में केवल एक-एक पद है. कृषि सांख्यिकी और कुक्कुट पालन में दो-दो, कीट विज्ञान में चार, कृषि एवं पादप प्रजनन तथा कृषि प्रसार में पांच-पांच, भूगर्भ विज्ञान में छह, उद्यान विज्ञान में सात और कृषि रसायन व कृषि वनस्पति में आठ-आठ पद हैं. संगीत वादन (तबला) के लिए नौ पद रखे गए हैं. कुक्कुट पालन विषय के पद अलग से विज्ञापित नहीं किए जाएंगे.