Scholarship 2026-27 Registration: यूपी स्कॉलरशिप का शेड्यूल जारी, कक्षा 9 से 12 तक के ऑनलाइन आवेदन शुरू
UP Scholarship 2026-27: समाज कल्याण विभाग ने जारी किया शेड्यूल। 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए आवेदन शुरू, दशमोत्तर छात्रवृत्ति के फॉर्म सितंबर से।
उत्तर प्रदेश में पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए स्कॉलरशिप से जुड़ी जरूरी खबर है. समाज कल्याण विभाग ने एकेडमिक ईयर 2026-27 के लिए यूपी स्कॉलरशिप योजना का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. कक्षा 9 से 12 तक पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है. वहीं, 12वीं के बाद ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा, ITI और अन्य कोर्सों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति (Post Tenth Scholarship) के आवेदन सितंबर से शुरू होंगे.
एलिजिबल छात्र निर्धारित तारीखों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. इस योजना का लाभ सामान्य, SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक वर्ग के एलिजिबल स्टूडेंट्स को मिलेगा.
कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों की आवेदन तारीख
कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख अलग-अलग रखी गई है. पहले से स्कॉलरशिप प्राप्त कर रहे कक्षा 10 और 12 के छात्रों के लिए रिन्यूअल आवेदन 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक होंगे. वहीं, पहली बार आवेदन करने वाले कक्षा 9 और 11 के छात्रों को 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक आवेदन का मौका मिलेगा.
दशमोत्तर स्कॉलरशिप के लिए सितंबर से आवेदन
12वीं के बाद ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, डिप्लोमा, ITI समेत अन्य कोर्सों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए आवेदन 15 सितंबर 2026 से शुरू होंगे. रिन्यूअल छात्रों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर और नए छात्रों के लिए 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है.
ऐसे करें आवेदन
छात्रों को आवेदन के लिए यूपी स्कॉलरशिप की आधिकारिक वेबसाइट scholarship.up.gov.in पर जाना होगा. आवेदन से पहले One Time Registration यानी OTR करना जरूरी है. इसके बाद संबंधित कैटेगरी में रजिस्ट्रेशन कर फॉर्म भरना होगा. आवेदन पूरा होने के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट संबंधित स्कूल या कॉलेज में जमा करना होगा. आवेदन के लिए कोई फीस नहीं ली जाएगी.
इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
आवेदन के दौरान आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, बैंक पासबुक, फोटो, पिछली कक्षा की मार्कशीट और आधार कार्ड जैसे दस्तावेज जरूरी होंगे. छात्र का बैंक खाता उसके नाम पर होना चाहिए और आधार से लिंक होना जरूरी है. योजना का लाभ सामान्यतः उन एलिजिबल छात्रों को मिलेगा, जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 2 लाख रुपये तक है.