UPSC Prelims Result 2026: आज जारी हो सकते हैं नतीजे, ऐसे करें चेक
UPSC सिविल सेवा प्रीलिम्स 2026 रिजल्ट का इंतज़ार जल्द खत्म! नतीजे upsc.gov.in पर कभी भी घोषित हो सकते हैं। रिजल्ट चेक करने की प्रक्रिया और अन्य जानकारी यहाँ पढ़ें।
यूपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार लाखों कैंडिडेट्स कर रहे हैं और उनका ये इंतजार जल्द ही खत्म भी होने वाला है. हालांकि आयोग ने अभी तक आधिकारिक रूप से रिजल्ट डेट की घोषणा नहीं की है, लेकिन पिछले सालों के ट्रेंड्स देखें तो रिजल्ट की घोषणा आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर कभी भी हो सकती है. इस साल यूपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स परीक्षा 24 मई 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 5.49 लाख कैंडिडेट्स शामिल हुए थे.
पिछले कुछ सालों के रिजल्ट ट्रेंड्स देखें तो पता चलता है कि यूपीएससी आमतौर पर प्रारंभिक परीक्षा के नतीजे परीक्षा के 15 से 20 दिनों के भीतर घोषित कर देता है. इसलिए यह अनुमान लगाया जा रहा है कि नतीजे आज यानी 11 जून को जारी हो सकते हैं. पिछले साल यह परीक्षा 25 मई को आयोजित की गई थी और रिजल्ट 11 जून को जारी किया गया था.
कैसे देख सकते हैं यूपीएससी प्रीलिम्स रिजल्ट?
- सबसे पहले यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाएं.
- फिर होमपेज पर ‘What’s New’ सेक्शन में ‘UPSC CSE प्रीलिम्स रिजल्ट 2026’ लिंक पर क्लिक करें.
- उसके बाद रिजल्ट की PDF फाइल आपकी स्क्रीन पर खुल जाएगी.
- अब PDF में अपना रोल नंबर या नाम खोजने के लिए Ctrl+F का उपयोग करें.
- अगर आपका रोल नंबर लिस्ट में है, तो आप मुख्य परीक्षा के लिए योग्य माने जाएंगे.
- आगे की जरूरत के लिए रिजल्ट PDF को डाउनलोड कर लें और उसका एक प्रिंटआउट भी ले लें.
21 अगस्त से शुरू होगी मेंस परीक्षा
यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में दो ऑब्जेक्टिव टाइप के प्रश्नपत्र थे, जिनका कुल अंक 400 था. इस परीक्षा के आधार पर ही उम्मीदवारों को अगले चरण यानी मुख्य परीक्षा के लिए चुना जाएगा, जो 21 अगस्त 2026 से शुरू होगी. दरअसल, यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जाती है. पहला चरण प्रारंभिक परीक्षा है, जिसमें पास होने वाले उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा देनी होती है. फिर मुख्य परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है. उसके बाद मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के संयुक्त अंकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार की जाती है और इसी के अनुसार विभिन्न सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है. इस बार करीब 933 पदों को भरा जाएगा.
किन-किन सेवाओं के लिए होता है चयन?
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक है. इसके माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय राजस्व सेवा (IRS), भारतीय रेलवे लेखा सेवा (IRAS), भारतीय डाक सेवा (IPoS) और भारतीय व्यापार सेवा (ITS) समेत विभिन्न केंद्रीय सेवाओं के लिए ग्रुप-ए अधिकारियों का चयन किया जाता है.