{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Dev Anand 103rd Birth Anniversary: लेजेंड्री एक्टर देव आनंद की 103वीं जयंती पर जैकी श्रॉफ ने शेयर की अनदेखी तस्वीरें

लीजेंड्री एक्टर देव आनंद की 103वीं जयंती। जैकी श्रॉफ ने अनदेखी तस्वीरें शेयर कर दी श्रद्धांजलि।
 

देव आनंद हिंदी सिनेमा के वो स्टार रहे हैं, जिनकी दीवानगी के किस्से आज भी मशहूर है. देव आनंद न सिर्फ अपनी एक्टिंग बल्कि अपने लुक्स को लेकर भी फैंस के बीच खूब पॉपुलर थे. लड़कियां उन्हें देख दीवानी हो जाती थीं,तो वहीं मेल फैंस उनके जैसा दिखना चाहते हैं. आज यानी 26 सितंबर को एक्टर की 103वीं जयंती मनाई जा रही है. इस मौके पर उनके फैंस तो उन्हें याद कर ही रहे हैं. वहीं, एक्टर जैकी श्रॉफ ने भी देव आनंद को याद किया है. एक्टर ने देव आनंद की बर्थ एनिवर्सरी पर खास पोस्ट किया है.

जैकी ने सोशल मीडिया पर देव आनंद को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी कुछ पुरानी और अनदेखी तस्वीरें शेयर कीं. इन तस्वीरों में देव आनंद की कई ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरों के साथ जैकी और देव आनंद की एक साथ ली गई फोटो भी शामिल हैं. जैकी की पोस्ट से दोनों के बीच की पुरानी बॉन्डिंग और उनके करियर के शुरुआती दौर का रिश्ता साफ नजर आ रहा है.

जैकी ने किया देव आनंद को याद

जैकी श्रॉफ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फोटो वीडियो शेयर किया है. इसमें देव आनंद की कई ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें हैं. वहीं बीच में जैकी के साथ भी उनकी एक फोटो आती हैं, जिसमें दोनों का बॉन्ड साफ देखने को मिल रहा है. इसके कैप्शन में एक्टर ने लिखा है- देव साब के आशीर्वाद से मैंने सिनेमा की दुनिया में पहला कदम रखा था. उनकी जयंती पर उन्हें ढेर सारे प्यार, सम्मान और आभार के साथ याद कर रहा हूं.

देव आनंद ने किया था जैकी को सपोर्ट

इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5 के ग्रैंड फिनाले में जैकी ने बताया था कि देव आनंद ने उन्हें फिल्मों में पहला मौका दिया था. साथ ही उनकी पहली फिल्म के एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान भी उनका हौसला बढ़ाया था. बता दें कि, जैकी श्रॉफ ने साल 1982 में आई देव आनंद की फिल्म स्वामी दादा से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. इस फिल्म में उन्होंने छोटा सा रोल निभाया था. बताया जाता है कि देव आनंद की नजर जैकी पर एक होर्डिंग विज्ञापन के जरिए पड़ी थी, जब वह मॉडलिंग किया करते थे.

स्वामी दादा के सेट का एक किस्सा याद करते हुए जैकी ने बताया था कि एक एक्शन सीन के दौरान वह काफी परेशान हो रहे थे. तब देव आनंद ने उन्हें हिम्मत दी और क्रू से कहा, टेक इट ईजी, नया लड़का है. देव आनंद और जैकी श्रॉफ की प्रोफेशनल बॉन्डिंग आगे भी बनी रही. दोनों ने बाद में सेंसर (2001) और चार्जशीट (2011) जैसी फिल्मों में साथ काम किया. इन दोनों फिल्मों का निर्देशन देव आनंद ने किया था. साल 2011 में रिलीज हुई चार्जशीट देव आनंद की बतौर डायरेक्टर और एक्टर आखिरी फिल्म थी.