{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Cabin Crew Career Tips: 12वीं के बाद केबिन क्रू कैसे बनें? जानें जरूरी स्किल्स, उम्र सीमा और इंटरव्यू टिप्स

12वीं के बाद एयर होस्टेस (केबिन क्रू) कैसे बनें? जानें आवश्यक योग्यता, उम्र सीमा, शारीरिक मानक, चयन प्रक्रिया और इसके लिए जरूरी स्किल्स।

 

अगर आपको आसमान में उड़ान भरने के साथ लोगों की मदद करना और उनसे बातचीत करना पसंद है तो एयर होस्टेस यानी केबिन क्रू एक अच्छा करियर विकल्प हो सकता है. इस नौकरी में सिर्फ यात्रियों को खाना-पानी परोसना ही काम नहीं होता, बल्कि उनकी सुरक्षा और सुविधा की जिम्मेदारी भी होती है. एयर होस्टेस को इमरजेंसी स्थिति से निपटने, यात्रियों को सुरक्षा नियम समझाने और जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद करने की ट्रेनिंग दी जाती है.

खास बात यह है कि इस करियर के लिए किसी खास स्ट्रीम से 12वीं पास होना जरूरी नहीं है. सही योग्यता, अच्छी कम्युनिकेशन स्किल और आत्मविश्वास के साथ इस क्षेत्र में करियर बनाया जा सकता है.

12वीं के बाद कैसे बनें एयर होस्टेस?

एयर होस्टेस बनने के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना सामान्य तौर पर जरूरी होता है. उम्मीदवार आर्ट्स, कॉमर्स या साइंस किसी भी स्ट्रीम से पढ़ाई कर सकते हैं. कुछ एयरलाइंस में ग्रेजुएशन को प्राथमिकता मिल सकती है. इसके अलावा एविएशन, हॉस्पिटैलिटी, ट्रैवल एंड टूरिज्म या केबिन क्रू से जुड़े कोर्स करना अतिरिक्त फायदा दे सकता है, हालांकि हर जगह यह अनिवार्य नहीं होता.

उम्मीदवार की उम्र, लंबाई, फिटनेस और मेडिकल मानक भी एयरलाइन के नियमों के अनुसार देखे जाते हैं. आमतौर पर फ्रेशर उम्मीदवारों के लिए उम्र 18 वर्ष से शुरू होती है. लंबाई और अन्य शारीरिक मानकों की शर्तें एयरलाइन के हिसाब से अलग हो सकती हैं.

चयन प्रक्रिया में किन चीजों पर ध्यान दें?

एयर होस्टेस की भर्ती में सबसे पहले ऑनलाइन आवेदन और रिज्यूमे की जांच होती है. इसके बाद ग्रुप डिस्कशन, इंटरव्यू, अंग्रेजी भाषा का टेस्ट और मेडिकल जांच जैसे चरण हो सकते हैं. अंतिम चयन के बाद एयरलाइन उम्मीदवारों को जरूरी ट्रेनिंग देती है.

इस ट्रेनिंग में विमान की सुरक्षा, आपातकालीन स्थिति से निपटना, फर्स्ट एड, CPR, ग्राहक सेवा और केबिन सर्विस जैसी चीजें सिखाई जाती हैं.

कौन-सी स्किल्स जरूरी हैं?

इस करियर में अच्छी हिंदी और अंग्रेजी बोलने की क्षमता महत्वपूर्ण है. उम्मीदवार में आत्मविश्वास, विनम्र व्यवहार, टीमवर्क, समस्या सुलझाने की क्षमता और दबाव में शांत रहने का गुण होना चाहिए. विदेशी भाषा की नॉलेज अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस में अतिरिक्त लाभ दे सकता है.