{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Hrithik Roshan Biology Textbook Trivia: जब बायोलॉजी की किताब में पढ़ाया जाने वाला था ऋतिक रोशन का नाम, कॉफी विद करण में एक्टर ने खोला था राज

क्या आप जानते हैं कि एक स्कूल बोर्ड बायोलॉजी की किताब में ऋतिक रोशन का नाम शामिल करना चाहता था? जानिए पूरा मजेदार किस्सा।
 

ऋतिक रोशन बॉलीवुड के उन सितारों में शामिल हैं, जिनकी पॉपुलैरिटी सिर्फ फिल्मों तक नहीं है. बल्कि लुक्स और फिटनेस की वजह से उन्हें ‘ग्रीक गॉड’ कहा जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक टाइम ऐसा भी था, जब एक स्कूल बोर्ड बच्चों को पढ़ाई में दिलचस्पी दिलाने के लिए बायोलॉजी की किताब में ऋतिक रोशन का नाम शामिल करना चाहता था. एक्टर ने खुद ‘कॉफी विद करण’ में इस मजेदार किस्से का खुलासा किया था.

दरअसल ‘कॉफी विद करण‘ में करण जौहर के साथ बातचीत के दौरान ऋतिक रोशन ने बताया था कि जब वो कोलकाता में थे, तब उन्हें एक स्कूल बोर्ड की तरफ से मैसेज मिला था. बोर्ड चाहता था कि बच्चों को बायोलॉजी पढ़ने में ज्यादा दिलचस्पी हो, इसलिए किताब में उनके नाम का इस्तेमाल किया जाए. ऋतिक ने बताया कि किताब में बच्चों से इस तरह का सवाल पूछा जा सकता था ‘ऋतिक रोशन के शरीर की सबसे लंबी हड्डी कौन सी है?

ऋतिक ने शेयर किया दिलचस्प किस्सा

ऋतिक ने करण जौहर से बातचीत में कहा था, “आपको पता है, जब मैं कलकत्ता (कोलकाता) में था और मुझे स्कूल बोर्ड से एक मैसेज मिला और वो बच्चों को पढ़ाने के लिए टेक्स्टबुक में मेरा नाम शामिल करना चाहते थे. उन्हें लगा कि इससे बायोलॉजी सीखने में मदद मिलेगी, जैसे ‘ऋतिक रोशन के शरीर की सबसे लंबी हड्डी कौन सी है?’ बस बच्चों के लिए इसे और मज़ेदार बनाने के लिए कुछ चीज़ें.”

‘कहो ना… प्यार है’ से रातों-रात बने स्टार

ऋतिक रोशन ने साल 2000 में फिल्म ‘कहो ना… प्यार है’ से बॉलीवुड में बतौर लीड एक्टर धमाकेदार शुरुआत की थी. फिल्म में उनके साथ अमीषा पटेल नजर आई थीं. पहली ही फिल्म से ऋतिक की गिनती बॉलीवुड के बड़े स्टार्स में होने लगी. इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया. ‘कोई… मिल गया’, ‘कृष’, ‘लक्ष्य’, ‘जोधा अकबर’, ‘गुजारिश’, ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ और ‘वॉर’ जैसी फिल्मों में उनके अलग-अलग किरदारों को दर्शकों ने खूब पसंद किया.

प्रोड्यूसर के तौर पर OTT पर कदम रखेंगे ऋतिक

ऋतिक रोशन के वर्कफ्रंट की बात करें तो, अब वो बतौर प्रोड्यूसर OTT की दुनिया में कदम रखने वाले हैं. उनका अगला प्रोजेक्ट ‘स्टॉर्म’ है, जिसमें पार्वती थिरुवोथु, अलाया एफ, सृष्टि श्रीवास्तव, रमा शर्मा और सबा आजाद अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी. ‘स्टॉर्म’ को अजीतपाल सिंह ने डायरेक्ट किया है.