{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Mahira Khan Salim Karim: शादी के 3 साल बाद प्रेग्नेंट हुईं एक्ट्रेस माहिरा खान, वायरल तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर बटोरी सुर्खियां

पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा खान ने की अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा। बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें।
 

 पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा खान के चाहने वाले हर तरफ हैं. एक्ट्रेस ने बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान संग भी एक्टिंग की है और उन्हें भारत की ऑडियंस भी काफी पसंद करती हैं. अब माहिरा खान को लेकर ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुन उनके फैंस खुशी से झूमने लग जाएंगे. एक्ट्रेस फिर से मां बनने वाली हैं. बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए उनकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं और फैंस उन्हें बधाइयां भी दे रहे हैं.

सोशल मीडिया साइट्स पर माहिरा खान की फोटोज वायरल हो रही हैं. इसमें वे अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट कर रही हैं. उनके चेहरे पर एक स्थिरता और सुकून का भाव नजर आ रहा है. हालांकि फोटो में वे पर्दे के पीछे छिपी नजर आ रही हैं.

माहिरा खान ने फैंस संग ये फोटोज शेयर करते हुए कैप्शन भी लिखा है. माहिरा ने लिखा- हम मिलकर प्लान बनाते हैं उसके बाद जो होता है वो अल्लाह का प्लान होता है. उनके द्वारा ये पोस्ट शेयर करने के बाद ही फैंस की दुआएं आनी भी शुरू हो गई हैं. सभी एक्ट्रेस को विश करते हुए उन्हें और उनके होने वाले बच्चे की खैरियत के लिए दुआएं कर रहे हैं. माहिरा ने प्रेग्नेंसी अनाउंसमेंट के अपने अंदाज को काफी सिंपल रखा है. खुद भी उन्होंने सिंपल ड्रेस पहनी हुई है. वे व्हाइट कलर के फुल स्लीव्ड गाउन पहने नजर आ रही हैं.

3 साल पहले की थी शादी

माहिरा खान की बात करें तो उन्होंने 3 साल पहले यानी 2023 में बिजनेसमैन सलीम करीम से शादी की थी. इस शादी से उन्हें ये पहला बच्चा होगा. हालांकि एक्ट्रेस को उनकी पहली शादी से भी एक बेटा अजलान है जो 17 साल का हो चुका है. माहिरा ने पहली शादी अली असकारी से 2007 में की थी. लेकिन साल 2015 में ही दोनों का तलाक हो गया था.

शाहरुख खान संग 9 साल पहले की थी फिल्म

माहिरा खान जितनी पॉपुलर भारत में हैं उतनी ही पॉपुलर वो पाकिस्तान में भी हैं. माहिरा ने साल 2011 में बोल फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की थी. वे 2017 में शाहरुख खान की फिल्म रईस में नजर आई थीं. वहीं वे एक्टर इन लॉ, 7 दिन मोहब्बत इन, बिन रोए, मंटो, सुपरस्टार, द लीजेंट ऑफ मौला जट, निलोफर, लव गुरु और आग लगे बस्ती में जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं. वहीं अब वे मिर्जा जट नाम की फिल्म में नजर आएंगी.