{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करुप्पु बॉक्स ऑफिस: सूर्या की फिल्म ने मचाया धमाल, दृश्यम 3 को दे रही कड़ी टक्कर

सूर्या की 'करुप्पु' बनी साल 2026 की साइलेंट किलर। 14 दिनों में वर्ल्डवाइड 250 करोड़ का आंकड़ा पार। जानें मोहनलाल की 'दृश्यम 3' के सामने कैसा है फिल्म का कलेक्शन।

 

 साउथ सुपरस्टार सूर्या की फिल्म करुप्पु का सिनेमाघरों में अलग ही जलवा देखने को मिला है. इसमें कोई दोराय नहीं है कि ये फिल्म साल 2026 की अब तक की सबसे बड़ी साइलेंट किलर साबित हुई है और फिल्म का कलेक्शन काफी अच्छा जा रहा है. करुप्पु जब आई थी तो साउथ के अलावा कहीं इसे लेकर ज्यादा शोर नहीं था लेकिन अपनी शानदार कमाई की वजह से अब इसकी चर्चा हर तरफ हो रही है. इस फिल्म ने सीधे तौर पर 6 नेशनल अवॉर्ड जीतने वाले मेगास्टार मोहनलाल से टक्कर ली है. करुप्पु ने रिलीज के 2 हफ्ते पूरे कर लिए हैं. इस दौरान फिल्म का कुल कलेक्शन भारत में 168.15 करोड़ रुपये का हो चुका है. वहीं फिल्म ने रिलीज के दूसरे हफ्ते में 54.30 करोड़ का कलेक्शन किया है.

भारत से ज्यादा फायदा तो इस फिल्म को विदेश से हो रहा है. इसी का असर है कि ये फिल्म 250 करोड़ की कमाई के करीब पहुंच गई है और अभी भी हर दिन अच्छा-खासा कलेक्शन निकाल ले जा रही है. करुप्पु ने रिलीज के 14वें दिन 5.69 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर के दिखाया है. आइए जानते हैं कि विदेश से इस फिल्म को कितना मुनाफा मिल रहा है.

बजट से दोगुनी हुई कमाई

रिपोर्ट्स के मुताबिक करुप्पु का बजट 120 करोड़ रुपये का माना जा रहा है. इस बजट के मुकाबले फिल्म ने सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक 267.05 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर के दिखा दिया है. फिल्म का कलेक्शन अब बजट के दोगुना से भी ज्यादा हो चुका है और अभी भी फिल्म हर दिन जितनी कमाई कर रही है उस हिसाब से इसका कलेक्शन जल्द ही 300 करोड़ रुपये का कलेक्शन भी पार कर जाएगा वहीं देखने वाली बात होगी कि इसके बाद ये फिल्म सिनेमाघरों में क्या गुल खिलाती है. फिलहाल तो ये फिल्म पहले से ही सूर्या के करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है.

मोहनलाल की दृश्यम 3 से टक्कर

सूर्या की करुप्पु का सामना मोहनलाल की दृश्यम 3 के साथ हो रहा है. जहां एक तरफ करुप्पु फिल्म ने रिलीज के 14 दिनों में 267.05 करोड़ की कमाई कर ली है वहीं दूसरी तरफ मोहनलाल की दृश्यम 3 फिल्म ने 8 दिनों में अपने कलेक्शन को 197.91 करोड़ तक पहुंचा दिया है. एक हफ्ते में ही दृश्यम 3 के इतने शानदार कलेक्शन के बावजूद सूर्या की फिल्म की कमाई शानदार मानी जाएगी. दोनों ही फिल्में अच्छा कलेक्शन करने में सफल हुई हैं. ओवरसीज कमाई के मामले में हालांकि दृश्यम 3 ज्यादा डेंजरस नजर आ रही है. जहां एक तरफ दृश्यम 3 फिल्म ने 8 दिनों में विदेश से 103 करोड़ की कमाई की है वहीं दूसरी तरफ करुप्पु ने 14 दिनों में विदेश से 72 करोड़ कमा लिए हैं. दोनों के शानदार ओवरसीज कलेक्शन से पता चलता है कि विदेश में साउथ का दबदबा कितनी जबरदस्त है.