थलपति विजय की फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान थिएटर में विवाद, बच्चों के आने पर रोकना पड़ा शो
‘जन नेता’ की स्क्रीनिंग के दौरान कुछ देर के लिए दर्शकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, क्योंकि शो में नाबालिग बच्चे भी आए हुए थे. इसके बाद एक्शन लिया गया. लोगों ने इस घटना का वीडियो भी सिनेमाघरों से शेयर किया है. दरअसल ए रेटेड फिल्में वो होती हैं जिसे सिर्फ 18 साल से ऊपर के लोग ही देख सकते हैं. इन फिल्मों में कुछ सब्जेक्ट, डायलॉग या सीन संवेदनशील होते हैं, जो बच्चों के लिए सही नहीं माने जाते हैं.
थलपति विजय की फिल्म ‘जन नेता’ में कई दृश्यों, डायलॉग में बदलाव या कट लगाए गए थे, जिसके बाद इसे सेंसर बोर्ड की तरफ से ‘A’ सर्टिफिकेट दिया गया था. एक सिनेमाघर का वीडियो शेयर किया गया है और आरोप लगाया है कि इस वजह से फिल्म को तकरीबन 1 घंटे के लिए रोका गया.
चेन्नई के एम्पा मॉल की घटना
शेयर किए गए वीडियो में लिखा है, “PV, PVR, AMPA मॉल, चेन्नई.” इसमें यूजर ने ये भी बताया है कि ‘जन नेता’ का सुबह 9:25 वाला शो था और तकरीबन 9:35 पर फिल्म को रोक दिया गया, क्योंकि कुछ फैमिली बच्चों के साथ ‘ए रेटेड’ स्क्रीनिंग में आ गए थे. शो को लगभग एक घंटे के लिए रोक दिया गया और बच्चों के साथ आए पेरेंट्स को बाहर जाने को कहा गया.
मैनेजमेंट ने दिया रिफंड!
ये भी बताया गया है कि सिचुएशन के बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था, लेकिन देरी के दौरान कोई खास जानकारी नहीं दी गई थी और ऑडियंस को देर तक इंतजार करना पड़ा. इसके बाद मैनेजमेंट ने रिफंड का अनाउंसमेंट किया और बच्चों के साथ आए माता-पिता के बाहर जाने के बाद स्क्रीनिंग को फिर से शुरू किया गया.
इसी तरह से एक दूसरे थिएटर का वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें बताया गया है कि पीवीआर ग्रैंड मॉल के मॉर्निंग शो में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की उपस्थिति की वजह से शो में दिक्कतें आईं. इन वीडियो पर कई यूजर्स कमेंट करते नजर आ रहे हैं और उनका कहना है कि कई और जगहों पर भी इस तरह की दिक्कत देखी गई है.
थलपति विजय की ‘जन नेता’
साउथ सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की जन नेता एक पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा मूवी है. इसमें पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, प्रकाश राज जैसे सितारे नजर आ रहे हैं. फिल्म का निर्देशन एच विनोथ ने किया है. इसकी कहानी की बात करें तो ये फिल्म एक आम आदमी और भ्रष्ट राजनेताओं, खराब सिस्टम के बीच की लड़ाई को दिखाती है.