{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Thalapathy Vijay News Today: मुख्यमंत्री थलपति विजय की पर्सनल लाइफ से जुड़ी बड़ी खबर, पत्नी संगीता संग सुलझा विवाद

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और पूर्व एक्टर थलपति विजय की शादी टूटने से बच गई है। पत्नी संगीता ने कोर्ट से अपनी तलाक की अर्जी वापस ले ली है, जिसके बाद मामला बंद हो गया है।

 

साउथ फिल्मों के सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय की पर्सनल लाइफ को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. पत्नी संगीता के साथ उनका तलाक का मामला चल रहा था. संगीता ने शादी खत्म करने के लिए कोर्ट में तलाक की अर्जी दी थी. हालांकि, अब खबर है उन्होंने वो याचिका वापस ले ली है, जिसके बाद चेंगलपट्टू कोर्ट ने इस मामले को बंद कर दिया है.

बता दें कि तलाक के लिए याचिका पिछले साल दिसंबर में दायर की गई थी. वहीं लगभग 8 महीने के बाद याचिका वापस ले ले गई है. दोनों की शादी साल 1999 में हुई थी. शादी के लगभग 27 साल के बाद दोनों का रिश्ता खत्म होने के कगार पर था. पर अब संगीता ने अपनी याचिका वापस ले ली है. पिछले साल जब संगीता ने दोनों के बीच मतभेद का हवाले देते हुए तलाक की अर्जी दी थी, उस समय भी ये मामला काफी सुर्खियों में रहा था.

दो बच्चों के माता-पिता हैं विजय और संगीता

बता दें कि संगीता और विजय दो बच्चों के माता-पिता हैं. उनका एक बेटा है, जिनका नाम जेसन संजय है. वो 25 साल के हैं और बतौर डायरेक्टर काम करते हैं. वहीं उनकी एक बेटी है, जिनका नाम है दिव्या है. वो लगभग 20 साल की हैं.

एक्टिंग छोड़ मुख्यमंत्री बने विजय

थलपति विजय ने इसी साल राजनीति की दुनिया में कदम रखा. वो अपनी पार्टी TVK से चुनावी मैदान में उतरे और पहली बार में ही तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए. उन्होंने मई के महीने में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. पॉलिटिक्स में आने की वजह से विजय अपना एक्टिंग करियर छोड़ चुके हैं. अब वो फिल्मों में नजर नहीं आएंगे. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से काफी पहले ही उन्होंने एक्टिंग से संन्यास का ऐलान कर दिया था.

23 जुलाई 2026 को रिलीज हुई ‘जन नेता’ (जन नायगन) विजय के एक्टिंग करियर की आखिरी फिल्म है. सैकनिल्क की मानें तो वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. अब विजय किसी भी फिल्म में नहीं दिखेंगे.