{"vars":{"id": "123258:4912"}}

INLD Rally in Nuh September 27: अभय चौटाला का भाजपा और कांग्रेस पर हमला, कहा- भूपेंद्र हुड्डा कहीं मुंह दिखाने के लायक नहीं रहेंगे

इनेलो अध्यक्ष अभय चौटाला ने चंडीगढ़ में की प्रेस कॉन्फ्रेंस। नूंह रैली की जानकारी दी और चुनाव आयोग पर उठाए गंभीर सवाल।
 

चंडीगढ़: इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत की. इस दौरान अभय चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. उन्होंने 27 सितंबर को नूंह में होने वाली चौधरी देवीलाल जयंती सम्मान समारोह रैली की तैयारियों की जानकारी दी. साथ ही चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए.

नूंह में बड़ी रैली का दावा: अभय चौटाला ने कहा कि, "27 सितंबर को चौधरी देवीलाल जयंती पर नूंह में सम्मान समारोह रैली होगी. इसमें लाखों कार्यकर्ता पहुंचेंगे.रैली के लिए 800 फीट चौड़ा और 300 फीट लंबा टेंट लगाया गया है. भीड़ के लिहाज से यह व्यवस्था भी छोटी पड़ सकती है." वहीं, भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अभय चौटाला ने कहा कि, "प्रदेश के लोग परेशान हैं और किसानों की फसल खरीद को लेकर भी समस्याएं हैं. किसान बेहद परेशान है, अब तक उसकी फसल की खरीद शुरू नहीं हुई है. "

कांग्रेस और हुड्डा पर भी वार: इसके साथ ही कांग्रेस पर हमला बोलते हुए चौटाला ने कहा कि, "पार्टी की पोल पट्टी लोगों के सामने खुल चुकी है. नोटिस मिलने के बाद मैं सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखूंगा. मेरे पास जब नोटिस आएगा तो सबके सामने अपनी बात रखूंगा, भूपेंद्र हुड्डा कहीं मुंह दिखाने के लायक नहीं रहेंगे."

चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल: वहीं, चौटाला ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, "ये बीजेपी का आयोग है. दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों के बावजूद फैसले लिए गए. हालिया रिपोर्टों में भी दो चुनाव आयुक्तों द्वारा कई फैसलों पर आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है. हालांकि, चुनाव आयोग ने कहा है कि SIR समेत संबंधित फैसले सर्वसम्मति से लिए गए और आंतरिक मतभेद संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा हैं."

ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई की मांग: अभय चौटाला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि, "ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मामला दर्ज होना चाहिए."

रैली को राजनीतिक ताकत दिखाने का मंच बताया: अभय चौटाला ने नूंह की रैली को इनेलो के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि, "इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे. इससे पहले भी वह 27 सितंबर की रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं से जुटने की अपील कर चुके हैं."