{"vars":{"id": "123258:4912"}}

DP World Championship: अक्षय शर्मा ने जीता गोल्फ का खिताब, नूंह में दिखा दम

नूंह के क्लासिक गोल्फ रिसॉर्ट में अक्षय शर्मा बने डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप के विजेता। 1 करोड़ की इनामी राशि और 130 खिलाड़ियों के बीच अक्षय ने मारी बाजी।

 

नूंह: तावडू उपमंडल के सराय-कोटा गांव में स्थित क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में 21 अप्रैल से शुरू हुआ डीपी वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप 24 अप्रैल को खत्म हुआ. चार दिन तक चले इस बड़े टूर्नामेंट में देश-विदेश के करीब 130 प्रोफेशनल खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. अरावली की पहाड़ियों के बीच बने इस कोर्स पर हर दिन मुकाबला और कड़ा होता गया, जिससे दर्शकों की दिलचस्पी भी बनी रही. करीब एक करोड़ रुपये की इनामी राशि ने इस टूर्नामेंट को और ज्यादा आकर्षक बना दिया, और हर खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की.

अक्षय शर्मा ने अंडर-19 स्कोर के साथ जीत दर्ज की: भारतीय गोल्फर अक्षय शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त स्थिरता और रणनीति दिखाते हुए खिताब अपने नाम कर लिया. फाइनल राउंड में उन्होंने अंडर-19 स्कोर बनाया, जो इस कोर्स की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए बेहद प्रभावशाली माना जा रहा है. जीत के बाद उन्होंने साफ कहा कि ये कोर्स आसान नहीं था और हर शॉट सोच-समझकर खेलना पड़ा. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार, टीम और आयोजकों को दिया. उनके प्रदर्शन ने यह भी दिखाया कि भारतीय खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से मुकाबला कर रहे हैं.

ध्रुव श्योराण बने रनर-अप: गुरुग्राम के ध्रुव श्योराण दूसरे स्थान पर रहे और उन्होंने भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया. वहीं बांग्लादेश के जमाल हसन तीसरे स्थान पर रहे, जिन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा. इस प्रतियोगिता में करीब 15 विदेशी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिनमें श्रीलंका के एन थांगराजा जैसे नाम भी शामिल थे. भारतीय खिलाड़ियों में वीर अहलावत, ओम प्रकाश चौहान, मनु गंडास, सप्तक तलवार, खालिन जोशी, हनी बैसाया और अंगद चीमा जैसे दिग्गजों की मौजूदगी ने मुकाबले को और मजबूत बनाया

PGTI और DP वर्ल्ड की साझेदारी से टूर्नामेंट को मिली नई पहचान: इस चैंपियनशिप का आयोजन प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया और DP World के संयुक्त प्रयास से हुआ. पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप चौहान ने बताया कि "इस साझेदारी का मकसद भारतीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच देना है, ताकि वे वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकें. ऐसे टूर्नामेंट खिलाड़ियों के करियर के लिए गेम चेंजर साबित होते हैं." आयोजन के दौरान व्यवस्थाएं भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की रहीं, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों को बेहतर अनुभव मिला.

जैक निकलॉस के डिजाइन वाला कोर्स बना आकर्षण का केंद्र: यह गोल्फ कोर्स विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी Jack Nicklaus द्वारा डिजाइन किया गया है, जो इसे और खास बनाता है. अरावली की वादियों के बीच बना यह कोर्स अपनी कठिनाई और खूबसूरती दोनों के लिए जाना जाता है. यहां खेलना खिलाड़ियों के लिए चुनौती भी है और सीखने का मौका भी. आयोजन के दौरान क्लब मैनेजर ऋषि मट्टू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. कुल मिलाकर यह टूर्नामेंट न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए बल्कि नूंह जिले के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि साबित हुआ, जिसने इस क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूती से जगह दिलाई.