Ambala Police Investigation: दुकान में चोरी से व्यापारियों में हड़कंप, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
अंबाला : बजाजा बाजार स्थित अशोक जनरल स्टोर में चोरों ने देर रात चोरी की वारदात को अंजाम देकर व्यापारियों में हड़कंप मचा दिया। बताया जा रहा है कि चोर दुकान की तीसरी मंजिल से अंदर दाखिल हुए और ग्राइंडर की मदद से शटर को काटकर दुकान में प्रवेश किया।
दुकान के अंदर पहुंचने के बाद चोरों ने वहां रखे कैश, ज्वैलरी तथा नोटों के हार पर हाथ साफ कर दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सुबह दुकान खुलने पर चोरी का पता चला तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए सुराग जुटाया जा सके।
चोरी की इस वारदात के बाद बजाजा बाजार के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से बाजार में रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरी हुए सामान की कीमत का आकलन किया जा रहा है।