Ambala Highway Incident: काली पलटन पुल के पास ऑटो से उतरकर ट्रक के आगे कूदा युवक, दोनों टांगों में गंभीर फ्रैक्चर
अंबाला में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने अंबाला-दिल्ली हाईवे पर ट्रक के आगे छलांग लगा दी। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, PGI चंडीगढ़ रेफर।
अंबाला: पारिवारिक विवाद में तीन बच्चों के पिता उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी शक्ति कपूर ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया। पत्नी से हुए झगड़े के बाद गुस्साए पति ने ऑटो को रोककर पहले अंबाला-दिल्ली हाईवे पर आत्महत्या करने की धमकी दी। देखते ही देखते वह अचानक फ्लाईओवर पर दिल्ली की तरफ जा रहे एक ट्रक के आगे कूद गया।
गंभीर रूप से चोटिल होने पर उसे छावनी के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसने खुद पर कैंची से हमला करने की कोशिश की। अस्पताल स्टाफ की मुस्तैदी से उसकी जान बची। युवक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
घायल की पत्नी लक्ष्मी ने बताया कि उसकी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी शक्ति कपूर के साथ आठ साल पहले शादी हुई थी। महिला ने आरोप लगाया कि शराब का अत्याधिक सेवन करने के बाद पति उसे पीटता है। झगड़े से तंग आकर वह अपने तीन बच्चों को लेकर दो दिन पहले अंबाला सिटी के मानव चौक के पास स्थित अपने मामा के घर आ गई थी।
पति दो दिन बाद ही अंबाला आ गया था। उसने जबरन ले जाने के लिए पहले तो घर पर हंगामा किया। वह बच्चों को साथ लेकर पति के साथ रेलवे स्टेशन जा रही थी। तभी काली पलटन पुल के पास ऑटो से उतरकर हाईवे किनारे हंगामा करने लगा। इसके बाद अचानक एक तेज रफ्तार ट्रक के आगे कूद गया जिससे उसकी दोनों टांगों में फ्रेक्चर व शरीर में चोटें आई हैं।