Ambala Horticulture Scam: किसानों की ₹40 लाख सब्सिडी हड़पने वाले 5 कर्मचारी गिरफ्तार
अंबाला बागवानी विभाग में ₹40 लाख का घोटाला! सीएम फ्लाइंग की FIR के बाद ईओडब्ल्यू (EOW) ने 5 कर्मचारियों को दबोचा। तत्कालीन जिला अधिकारी समेत कई पर जांच जारी।
अंबाला: बागवानी विभाग में किसानों की 40 लाख रुपये की सब्सिडी हड़पने के मामले में पुलिस ने पांच विभागीय कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। सीएम फ्लाइंग ने 14 महीने पहले तत्कालीन जिला बागवानी अधिकारी समेत 9 कर्मियों पर प्राथमिकी कराई थी।
सोमवार को आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने पांचों कर्मचारियों माली हैप्पी सिंह, माली नवनीत, सलाहकार शिवम, माली राजेश कुमार और लेखाकार गुरविंदर सिंह पर कार्रवाई की। तत्कालीन जिला बागवानी अधिकारी डॉ. विरेंद्र सिंह, जिला सलाहकार दिनेश कुमार, धर्मपाल और अंकुश के खिलाफ जांच जारी है।
पुलिस जांच के अनुसार, अब तक 40 लाख की गड़बड़ी सामने आई है, जांच आगे होने के बाद यह मामला और भी बढ़ा निकल सकता है। सभी को रिमांड पर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाएगी कि गबन की गई लाखों की राशि कहां छिपाई गई है और कौन-कौन से बड़े अधिकारी शामिल हैं
2023 में किया गया था घोटाला
आरोपियों ने मिलीभगत कर साल 2023 से इस घोटाले को अंजाम दिया था। ईओडब्ल्यू के निरीक्षक परमवीर ने बताया कि इस घोटाले की नींव एक शिकायत के बाद पड़ी थी। जांच में सामने आया कि जिला बागवानी अधिकारी कार्यालय के इन कर्मचारियों ने निजी व्यक्तियों और किसानों के साथ सांठगांठ की।