{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भांजे से मिलने जा रहे बुजुर्ग पति-पत्नी को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर ही थमीं सांसें

अंबाला-कालांअम्ब हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग पति-पत्नी की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। जानिए पूरी खबर।

 

अंबाला : हरियाणा के अंबाला जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां अंबाला-कालांअम्ब हाईवे पर बाइक सवार पति-पत्नी की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, पति 66 वर्षीय राजकुमार और उसकी 63 साल की पत्नी जसवंत कौर की हादसे में जान चली गई। घटना के संबंध में बताया गया कि दोनों पति पत्नी  शुक्रवार दोपहर गांव हमीदपुर अपने भांजे से मिलने जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। दोनों पति पत्नी सड़क पर गिर गए और सिर पर गंभीर चोटें लगने के कारण मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गया।

इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।