Haryana Sikh Sangat News: पंजोखरा साहिब केस में राहत, कोर्ट से बेल के बाद जेल से बाहर आए युवक; परिजनों ने जताया आभार
अंबाला: अंबाला के पंजोखरा साहिब विवाद के बाद जेल में बंद दो सिख युवाओं को शुक्रवार देर शाम अदालत से जमानत मिल गई. जमानत मिलने के बाद दोनों को जेल से रिहा कर दिया गया. युवाओं के बाहर आने के बाद उनके परिवारों में खुशी का माहौल है. उनकी रिहाई को सिख संगत की ओर से बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है.
रिहाई के लिए हुए थे प्रदर्शन: पंजोखरा साहिब विवाद के बाद पुलिस ने दोनों सिख युवाओं को हिरासत में लिया था. इसके बाद उनकी रिहाई की मांग को लेकर सिख संगत की ओर से लगातार प्रदर्शन किए गए. मामला मुख्यमंत्री हरियाणा तक भी पहुंचा था. सिख संगत ने मुख्यमंत्री से दोनों युवाओं की जल्द रिहाई और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे रद्द करने की मांग रखी थी.
मुख्यमंत्री से मिला था आश्वासन: सिख संगत के प्रतिनिधियों की मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दोनों युवाओं की जल्द रिहाई का आश्वासन मिला था. इसी बीच अदालत से जमानत मिलने के बाद कल देर शाम दोनों युवाओं को रिहा कर दिया गया. हालांकि, मुकदमों को रद्द करने को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया अभी बाकी है.
26 अगस्त को होगी अगली सुनवाई: दोनों युवाओं की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता चंदीप सिंह ने कहा कि, "अदालत ने दोनों युवाओं को बेल दे दी है. अब 26 अगस्त को मामले की अगली सुनवाई होगी. उस दिन दोनों युवाओं का कोर्ट में पेश होना जरूरी है. इसके बाद पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जाएगी."
परिवार ने जताया सरकार का आभार: वहीं, जेल से रिहा हुए अनमोल सिंह के भाई ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि, “आज हमारे लिए बड़ी राहत का दिन है. मेरे भाई को अदालत से जमानत मिल गई है. हम हरियाणा सरकार और जगदीश सिंह झिंडा का धन्यवाद करते हैं." बता दें कि दोनों युवाओं की रिहाई के बाद समर्थकों और परिवारों में खुशी का माहौल है.