{"vars":{"id": "123258:4912"}}

अंबाला सड़क हादसा: हरियाणा रोडवेज ने एक्टिवा को मारी टक्कर, छात्रा की मौत

अंबाला के शहजादपुर टी-प्वाइंट पर दर्दनाक हादसा। तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस की टक्कर से एक्टिवा सवार आईटीआई छात्रा की मौके पर ही मौत, दूसरी युवती घायल।

 

अंबाला : अंबाला जिले के नारायणगढ़ रोड स्थित शहजादपुर टी-प्वाइंट पर रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज बस ने एक्टिवा सवार दो युवतियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा चला रही 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी ममेरी बहन घायल हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान नगला राजपुताना निवासी समीक्षा के रूप में हुई है, जबकि उसकी ममेरी बहन अनु घायल हो गई। मृतका के पिता नरेश ने बताया कि समीक्षा भारांपुर आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन ट्रेड की छात्रा थी और शहजादपुर की एक दुकान पर अप्रेंटिसशिप कर रही थी। वहीं उसकी ममेरी बहन अनु भी एक कंप्यूटर सेंटर में अप्रेंटिस थी। दोनों रोज की तरह काम खत्म कर शाम को एक्टिवा पर घर लौट रही थीं, तभी  हरियाणा रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी।

शहजादपुर थाना पुलिस ने आरोपी रोडवेज बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं समीक्षा के शव का पोस्टमॉर्टम सोमवार को अंबाला कैंट नागरिक अस्पताल में कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।