{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Ambala News: अंबाला में स्ट्रांग रूम के बाहर भारी हंगामा, CCTV डिस्प्ले न होने पर धरने पर बैठे प्रत्याशी

अंबाला के ओपीएस विद्या मंदिर में स्ट्रांग रूम के बाहर विपक्ष का हाईवोल्टेज ड्रामा। CCTV डिस्प्ले न होने पर कांग्रेस प्रत्याशी धरने पर बैठे। प्रशासन ने आरोपों को नकारा।

 

अंबाला: अंबाला के ओपीएस विद्या मंदिर स्कूल में बनाए गए स्ट्रांग रूम के बाहर सीसीटीवी डिस्प्ले न होने को लेकर मंगलवार देर रात कांग्रेस प्रत्याशियों, विपक्षी दलों और आजाद उम्मीदवारों ने जमकर हंगामा किया. मामला इतना बढ़ गया कि पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील करना पड़ा. विपक्षी नेताओं ने प्रशासन पर चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता न बरतने के गंभीर आरोप लगाए.

कांग्रेस प्रत्याशी धरने पर बैठे: मेयर प्रत्याशी कुलविंद्र कौर सैनी और कई पार्षद प्रत्याशी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे. विरोध जताते हुए प्रत्याशी स्ट्रांग रूम के अंदर ही जमीन पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. उनका कहना था कि पहले चुनावों में स्ट्रांग रूम के बाहर स्क्रीन लगाई जाती थी, जिससे प्रत्याशी और समर्थक बाहर बैठकर ईवीएम की निगरानी कर सकते थे.

सीसीटीवी को लेकर उठाए सवाल: वार्ड-12 से कांग्रेस प्रत्याशी मिथुन वर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा कि, "अधिकारियों को दोपहर में ही CCTV डिस्प्ले लगाने और कैमरे चालू करने के लिए कहा गया था, लेकिन रात 11 बजे तक भी व्यवस्था पूरी नहीं हुई. जब मौके पर पहुंचे तो सीसीटीवी के तार जोड़े जा रहे थे. सीसीटीवी ईवीएम जमा होने से पहले चालू होने चाहिए थे, लेकिन मतगणना से पहले इन्हें लगाया जा रहा है."

विपक्ष ने पारदर्शिता पर उठाए सवाल: कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर नहीं है. मेयर प्रत्याशी कुलविंद्र कौर सैनी ने कहा कि, "प्रत्याशियों को ईवीएम सुरक्षा की निगरानी का अधिकार मिलना चाहिए. हम केवल निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव चाहते हैं. CCTV डिस्प्ले बाहर लगना चाहिए." वहीं, कांग्रेसी नेता वीशु शर्मा ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि, "विपक्ष की मांगें पूरी नहीं की जा रहीं. अगर सब कुछ सही है तो डिस्प्ले बाहर लगाने में दिक्कत क्या है?"

प्रशासन ने आरोपों को किया खारिज: इधर, स्थिति को देखते हुए देर रात अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. हालांकि काफी समझाने के बाद भी कई प्रत्याशी मौके से नहीं हटे. इस मामले में ARO ने कहा कि, "स्ट्रांग रूम की सुरक्षा पूरी तरह पुख्ता है और कैमरे लगातार काम कर रहे हैं. कैमरे 24 घंटे चालू हैं. सारी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी गई है. प्रत्याशी चाहें तो रिकॉर्डिंग देख सकते हैं. स्ट्रांग रूम के बाहर डिस्प्ले लगाने को लेकर उनके पास कोई स्पष्ट गाइडलाइन नहीं है."