{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Amrit Pharmacy Panchkula: हरियाणा के पंचकूला में कैंसर और हृदय रोग की दवाएं होंगी सस्ती, अगले हफ्ते से शुरू होगी सुविधा

पंचकूला के सेक्टर-6 जिला अस्पताल में अगले हफ्ते से शुरू होगी अमृत फार्मेसी। कैंसर और गंभीर बीमारियों की दवाएं मिलेंगी सस्ती।
 

पंचकूला: हरियाणा सरकार की ओर से राज्य के सभी जिलों में अमृत फार्मेसी खोलने की योजना अब पंचकूला तक आ पहुंची है. आगामी चंद दिनों में पंचकूला सेक्टर 6 स्थित जिला अस्पताल परिसर में भी अमृत फार्मेसी की शुरूआत होने जा रही है. इसके बूथ का निर्माण अंतिम चरण में है, जिसके पूरा होते ही लोग यहां से भी सस्ती कीमतों पर दवाइयां खरीद सकेंगे.

गंभीर बीमारी के रोगियों को बड़ी राहत: जिला अस्पताल में अमृत फार्मेसी के संचालन से जिले के करीब 5 लाख से अधिक लोगों को राहत मिलेगी. नतीजतन लोग बाजार से भारी कीमतों पर दवाइयों की खरीद से बच सकेंगे. खास बात यह है कि फार्मेसी के संचालन से कैंसर, हृदय रोग, किडनी रोग, डायबिटीज समेत अन्य गंभीर बीमारियों संबंधी महंगी दवाईयां रोगियों को सस्ती दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी. अमृत फार्मेसी से आमजन बाजारी मूल्य की तुलना में सस्ती दरों पर दवाइयां और अन्य चिकित्सा उपकरण खरीद सकेंगे.

"आर्थिक बोझ कम होगा": जिला अस्पताल में पहली बार अमृत फार्मेसी का संचालन शुरू होने के संबंध में ईटीवी भारत ने प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर (पीएमओ) डॉक्टर आरएस चौहान से बातचीत की. उन्होंने कहा कि, "हम प्रधानमंत्री जन औषधि परियोजना को काफी करीब से देख रहे हैं. इस योजना के माध्यम से आम लोगों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध की जा रही हैं. इससे रोगियों और उनके परिजनों पर दवाइयों के खर्च का आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिल रही है. इस पहल की खास बात यह है कि इससे आमजन को सस्ती दरों पर दवाइयां और अन्य चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जाने के अलावा रोजगार के अवसर भी बन रहे हैं. जन औषधि केंद्रों के माध्यम से अनेक लोग अपने व्यवसाय से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं. ये पहल सेवा, रोजगार और आत्मनिर्भर बनाने वाला है. उम्मीद है कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना का लाभ अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचेगी. साथ ही आगामी समय में ओर अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवा लाभ और रोजगार मिलेगा."

पीजीआई समेत बड़े अस्पतालों में संचालन: अमृत फार्मेसी योजना केंद्र सरकार की "अफोर्डेबल मेडिसंस एंड रिलाएबल इंप्लांटस फॉर ट्रीटमेंट (अमृत)" पहल से जुड़ी है. चंडीगढ़ पीजीआई समेत देश के कई बड़े सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कालेजों में इस योजना के माध्यम से अमृत फार्मेसी संचालित है. इससे पहले हरियाणा के रोहतक पीजीआइएमएस, करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कालेज, नूंह के एसएचकेएम मेडिकल कालेज और गुरुग्राम समेत अब जिला स्तर पर भी अमृत फार्मेसी का दायरा बढ़ाया जा रहा है.

आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लाभ: वहीं, जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि, "बाजार की महंगी दवाओं की तुलना में अमृत फार्मेसी में सस्ती जेनेरिक और जीवन रक्षक दवाएं उपलब्ध होती हैं. यहां तक कि कैंसर व हृदय रोग जैसे गंभीर रोग की दवाएं भी बाजार की दवाओं की तुलना में गुणवत्तापूर्ण और काफी सस्ती होती हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय मरीजों को बड़ी राहत मिलती है. अमृत फार्मेसी से सर्जरी और उपचार संबंधी कुछ अन्य आवश्यक मेडिकल उपकरण भी सस्ती दरों पर उपलब्ध होते हैं."

अगले सप्ताह से संचालन: पीएमओ डॉक्टर आरएस चौहान ने बताया कि, "पंचकूला जिला अस्पताल में अमृत फार्मेसी का संचालन अगले सप्ताह शुरू कर दिया जाएगा. फिलहाल बिजली का कुछ काम शेष है, जिसके अगले दो-तीन दिन में पूरा होने के बाद फार्मेसी का विधिवत रूप से उद्घाटन किया जाएगा. उद्घाटन के तुरंत बाद से ही लोग यहां से सस्ती दरों पर दवाएं और अन्य चिकित्सा उपकरण खरीद सकेंगे."