{"vars":{"id": "123258:4912"}}

बहादुरगढ़: मेडिकल स्टोर और टेंट हाउस में भीषण आग, लाखों का सामान राख

बहादुरगढ़ में शॉर्ट सर्किट से दो अलग-अलग आगजनी की घटनाएं। मेडिकल स्टोर, फिजियोथैरेपी सेंटर और टेंट हाउस में लाखों का नुकसान। फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू।

 

बहादुरगढ़:  बहादुरगढ़ के नजफगढ़ रोड स्थित चांद मेडिकल स्टोर और शिवम फिजियोथैरेपी सेंटर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से मेडिकल स्टोर और फिजियोथैरेपी सेंटर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

अचानक भड़की आग के कारण आसपास के बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया। दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों से सामान सुरक्षित निकालने में जुट गए। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं दूसरी ओर, रात के समय बालौर  में एक टेंट हाउस में भी आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे टेंट हाउस में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। प्रारंभिक जांच में दोनों स्थानों पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।