{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bahadurgarh News Update: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का मामला, पुलिस कस्टडी में शहर की सड़कों पर पैदल चले आरोपी

बहादुरगढ़ में युवक का अपहरण, मारपीट और मकान में आगजनी करने वाले 4 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर शहर में पैदल जुलूस निकाला।
 

झज्जर: बहादुरगढ़ शहर में युवक के साथ मारपीट, अमानवीय व्यवहार और एक मकान के दरवाजे पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. जिसके बाद पुलिस की टीम ने चारों आरोपियों का शहर में पैदल जुलूस निकालकर सख्त कार्रवाई का संदेश दिया.

झज्जर पुलिस ने निकाली बदमाशों की परेड: पुलिस कस्टडी में चारों आरोपियों को शहर थाना से लेकर बाजार तक पैदल घुमाया गया. बताया जा रहा है कि करीब दो दिन पहले लगभग 10 बदमाशों ने शहर में जमकर उत्पात मचाया था. आरोप है कि बदमाशों ने दो युवकों का अपहरण कर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए.

अपहरण कर युवक से मारपीट का आरोप: घटनाक्रम से जुड़ी वीडियो फुटेज वायरल होने के बाद लोगों में भारी रोष देखने को मिला. एक वीडियो में कुछ युवक एक युवक को अर्धनग्न अवस्था में डंडों से बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में पीड़ित के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने के दृश्य भी सामने आए हैं.

मकान को भी बनाया था निशाना: इसी घटनाक्रम के दौरान मेन बाजार स्थित एक मकान को भी निशाना बनाया गया. एक अन्य वायरल वीडियो में कुछ युवक मकान के बाहर गाली-गलौज करते दिखाई दे रहे हैं. इसके बाद आरोपियों ने दरवाजे की ओर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी. आग की चपेट में आने से मकान में रहने वाले व्यक्ति के पैर झुलस गए. हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

चार गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी: पुलिस के अनुसार मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. डीसीपी मयंक मिश्रा ने कहा कि "मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. प्रारंभिक तौर पर मामला किसी पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है. हालांकि विवाद की वास्तविक वजह पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी."