{"vars":{"id": "123258:4912"}}

बहादुरगढ़ में अग्निकांड: जूता फैक्ट्री के बाद कबाड़ में लगी आग, 3 वाहन जलकर खाक

बहादुरगढ़ के MIE पार्ट बी में 5 घंटे के अंदर दो जगह लगी भीषण आग। अभय फुटवियर जूता फैक्ट्री में नुकसान के बाद कबाड़ की आग में झुलसे दो पिकअप और एक कैंटर।

 

बहादुरगढ़  : आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र पार्ट बी में पांच घंटे के अंदर दो जगह आग लगने की घटनाएं हुई। पहले एक जूता फैक्ट्री में आग लगी। इसके बाद कबाड़ में लगी आग की चपेट में कैंटर सहित तीन वाहन आ गए। आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पहली घटना अभय फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड में हुई। दिल्ली के निवासी अभय की यह फैक्ट्री है। इसमें जूते-चप्पल तैयार किए जाते हैं। अल सुबह करीब साढ़े 3 बजे आग लगी। आग तेजी से फैल गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। यह आग नियंत्रण में आई ही थी कि कुछ घंटे बाद करीब साढ़े 7 बजे रेड क्रास रोड पर कबाड़ के ढेर में आग लग गई। हवा के साथ आग तेजी से फैली और नजदीक खड़ी दो पिकअप गाड़ी और एक कैंटर चपेट में आ गया। तीनों वाहन धूं धूं कर जल गए।

 सूचना पाकर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया लेकिन तब तक वाहन काफी हद तक जल चुके थे। भीषण गर्मी के बीच बहादुरगढ़ में लगातार आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। प्लास्टिक आदि ज्वलनशील पदार्थ जलने के कारण आसमान में दूर तक काला धुआं छा जाता है। वातावरण में प्रदूषण बढ़ रहा है। वहीं दमकल कर्मियों की भी भागदौड़ बढ़ी हुई है।