Neeraj Murder Mystery Bahadurgarh: सौलधा गांव के युवक की बेरहमी से हत्या, परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते जताया शक
बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ में धारदार हथियार से वार कर एक युवक की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक का शव बालौर गांव के सरकारी स्कूल के मुख्य प्रवेश गेट के पास स्थित प्याऊ के कमरे में मिला। मृतक की पहचान सौलधा गांव निवासी नीरज के रूप में हुई है। उसके छाती और हाथ पर धारदार हथियार से वार के कई निशान मिले हैं। जिस सरकारी स्कूल में नीरज का शव मिला है, वह बहादुरगढ़ कोर्ट और लघु सचिवालय के पास स्थित है। नीरज गांव में खेती-बाड़ी का काम करता था।
बताया जा रहा है कि नीरज मंगलवार शाम को घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। बुधवार सुबह पुलिस ने परिजनों को नीरज के शव मिलने की सूचना दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई हकीकत, जो दिल्ली की अदालत में काम करते हैं, ने गांव के ही गौरव और उसके साथियों पर हत्या का शक जताया है। परिजनों के अनुसार, नीरज का गौरव और उसके साथियों के साथ पहले झगड़ा हुआ था। इस दौरान गौरव के पैर में भी चोट लगने की बात सामने आई है। बताया गया है कि गौरव के पिता ने नीरज के घर पहुंचकर परिवार को झगड़े की सूचना दी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में बहादुरगढ़ थाना प्रभारी सदर थाना एसएचओ मनोज कुमार ने कहा है कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।