{"vars":{"id": "123258:4912"}}

बहादुरगढ़: 'रन अगेंस्ट डोप' मैराथन को समर्थन, अनिल खत्री ने दी सहमति

बहादुरगढ़ में नशे के खिलाफ आयोजित होने वाली 17वीं 'रन अगेंस्ट डोप' मैराथन को हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन का समर्थन मिला है। जानें पूरी जानकारी और श्रेणियां।

 

बहादुरगढ़ : नशे के खिलाफ युवाओं को जागरूक करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली 'रन अगेंस्ट डोप' (नशे के विरुद्ध दौड़) प्रतियोगिता को एक बड़ा समर्थन मिला है। हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन (HSA) इस महाअभियान में  शामिल होगी। इसी कड़ी में डॉ. ललित भनोट एथलेटिक्स नर्सरी एंड एकेडमी के संचालक एवं भीम अवार्डी चरण सिंह, पूर्व ओलंपियन कर्नल संत कुमार और सराय औरंगाबाद के सरपंच राकेश कुमार एचएल सिटी स्थित स्विमिंग पूल पहुंचे। उन्होंने हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव एवं हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अनिल खत्री से मुलाकात कर उन्हें इस दौड़ प्रतियोगिता का आधिकारिक निमंत्रण दिया, जिसे  खत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। 

निमंत्रण स्वीकार करते हुए अनिल खत्री ने कहा कि नशा आज समाज की सबसे भयंकर समस्या है। उन्होंने ऐलान किया कि इस बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए चलाई जा रही हर मुहिम में वे और उनकी पूरी टीम पूरी सक्रियता से शामिल होगी।उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नशे से बचाने का सबसे सशक्त माध्यम खेल हैं। पढ़ाई के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जोड़ना बेहद जरूरी है। एक खिलाड़ी अनुशासन के साथ-साथ देशप्रेम, एकता, परस्पर सम्मान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना से परिपूर्ण होता है, जो हमेशा देश और समाज के विकास में अपनी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा  कि एचएल सिटी स्थित चैंपियंस एक्वेटिक एकेडमी के तैराक इस दौड़ में हिस्सा लेंगे।  दौड़ प्रतियोगिता के आयोजन सचिव चरण सिंह राठी ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ सराय औरंगाबाद की ललित भनोट एकेडमी से किया  जा रहा है। 

उन्होंने बताया कि लगातार 17 सालों से प्रसिद्ध खेल प्रशासक डॉ ललित भनोट के जन्मदिन पर नशे के विरुद्ध इस दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इस बार 17 वीं रन अगेंस्ट डोप के सभी प्रतिभागियों के लिए  रजिस्ट्रेशन पूरी तरह निःशुल्क (फ्री) है। सभी प्रतिभागियों को आकर्षक टी-शर्ट और प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) भी दिए जाएंगे। रन अगेंस्ट डोप ऑर्गनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन एवं हरियाणा भाजपा पंचायती राज सेल के उपाध्यक्ष प्रदीप राठी की ओर से सभी प्रतिभागियों के लिए फल और पानी की विशेष व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता को चार अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है, ताकि हर उम्र के युवा इसमें हिस्सा ले सकें। 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 400 मीटर दौड़,1 4 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 1 किलोमीटर दौड़, 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए 2 किलोमीटर दौड़ और 18 वर्ष से ऊपर के प्रतिभागियों के लिए 3 किलोमीटर दौड़ रखी गई है। विजेताओं को मैडल पहनाकर सम्मानित भी किया जाएगा।