बहादुरगढ़ हत्याकांड: ट्रक में रॉड से वार कर पति ने की पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
बहादुरगढ़ में ममता हत्याकांड का खुलासा! शराब के नशे में ट्रक ड्राइवर पति रिंकू ने लोहे की रॉड से की हत्या। शव खेत में फेंक खुद पुलिस को किया था फोन। जानें पूरी खबर।
बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके तथाकथित पति ने ही की थी। बहादुरगढ़ के एसीपी क्राइम प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान बहादुरगढ़ निवासी ममता के रूप में हुई है, जबकि आरोपी रिंकू गांव मांडोठी का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि दोनों ने आपस में शादी कर रखी थी, लेकिन इस शादी की जानकारी उनके परिवार वालों को नहीं थी।
जांच में सामने आया है कि दोनों ट्रक चलाने का काम करते थे और अक्सर साथ ही ट्रक लेकर आते-जाते थे। घटना के दिन दोनों भिवाड़ी से ट्रक लेकर बहादुरगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान आरोपी रिंकू ने शराब के नशे में ट्रक के अंदर ही लोहे की रॉड से ममता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद आरोपी ने शव को बहादुरगढ़ के मातन गांव के खेतों में फेंक दिया। इसके बाद शक से बचने के लिए आरोपी ने मृतका के ही मोबाइल फोन से पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल कर खेतों में शव पड़े होने की सूचना भी दे दी।
लेकिन पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की और कॉल डिटेल्स व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से न्यायालय ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद की जाएगी और मामले में आगे की पूछताछ की जाएगी।