{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Car Accident in Barara: बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार और ऑटो यात्री घायल, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती

बराड़ा के अधोया-थाना छप्पर रोड पर नशे में धुत कार चालक ने बाइक और ऑटो को मारी टक्कर। हादसे में 5 लोग गंभीर रूप से घायल।
 

बराड़ा : बराड़ा के अधोया-थाना छप्पर रोड पर बीती रात एक नशे मे धूत कार चालक ने बाइक सवार दो युवकों और ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार और ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बराड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। वहीं हादसे में कार चालक भी घायल हो गया। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक नशे में बताया जा रहा था। हादसे में कार के भी परखच्चे उड़ गए। मिली जानकारी अनुसार शाम करीब आठ बजे गांव सीवनमाजरा पेट्रोल पंप के पास अचानक थाना छप्पर की ओर से तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारी। जिससे दोनों युवक सडक़ पर गिरकर घायल हो गए, वहीं उनकी बाइक भी टूट गई। इसके बाद सामने से आ रहे ई रिक्शा में भी कार चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पेड़ों में जा टकराई। हादसे के बाद ईरिक्शा टूट गया और उसमें सवारियां घायल हो गई। 

हादसे को देखते ही वहां कोहराम मच गया। राहगिरों की भीड़ लग गई और सभी घायलों को बचाने में लग गए। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बराड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंचाया। वहीं कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसमें फंस गया। राहगिरों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस ने उसे भी अस्पताल पहुंचाया। डायल 112 पर तैनात सुभाष चंद ने बताया कि उन्होंने मौके पर पहुंच तुरंत घायल ऑटो सवार और कार चालक को अस्पताल पहुुंचाया। 

वहीं हादसे के बाद सड़क़ पर वाहनों की भीड़ लग गई और जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी रामकरण भी मौके पर पहुंचे व यातायात को सुचारू करवाया। हादसे में बाइक सवार गांव डेरा सलीमपुर निवासी साहिल और राहुल को चोट आई। वहीं, ऑटो चालक तलहेड़ी रांगडान निवासी सुशील कुमार भी घायल हो गया। ऑटो में सवार शाहबाद के मदनपुर निवासी मलकीत ने बताया कि वह अपनी पत्नी कांता और तीन बच्चों के साथ ऑटो में सारन जा रहे थे कि कार ने उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि पत्नी और बेटे को भी चोट आई। वहीं कार चालक नरेन्द्र कुमार वासी कैथल को भी चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।