राजकीय प्राथमिक विद्यालय रेवाड़ीखेड़ा की चहारदीवारी ध्वस्त, बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल
बवानीखेड़ा के रेवाड़ीखेड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी 1 साल से टूटी पड़ी है। बेसहारा पशुओं के घुसने से बच्चों की सुरक्षा खतरे में है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
बवानीखेड़ा। रेवाड़ीखेड़ा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी करीब एक वर्ष से ध्वस्त पड़ी है लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई है। दीवार टूटने से विद्यालय परिसर खुला पड़ा है और बेसहारा पशु आए दिन स्कूल में घुस जाते हैं। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की टूटी चहारदीवारी की समस्या से कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। विद्यालय परिसर में खरपतवार उगने से सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीण आजाद सिंह, निर्मला परमार, टीना, दीपक परमार, गो रक्षक सुनील परमार, सूखा फौजी और प्रदीप फौजी ने प्रशासन से जल्द चहारदीवारी का निर्माण करवाने और परिसर की सफाई कराने की मांग की है।
विद्यालय की मुख्याध्यापक रामरती ने बताया कि चहारदीवारी की मरम्मत के लिए शिक्षा विभाग को पहले भी लिखा जा चुका है और अब दोबारा पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर पर समय-समय पर सफाई करवाई जाती है लेकिन बारिश के कारण परिसर में घास उग आई है जिसकी जल्द सफाई करवा दी जाएगी।