{"vars":{"id": "123258:4912"}}

बवानीखेड़ा: तहसील परिसर के पास विकास कार्य तेज; सुलभ शौचालय और बस शेल्टर जल्द

बवानीखेड़ा तहसील परिसर के सामने सुलभ शौचालय, बस क्यू शेल्टर और हाईमास्ट लाइट का निर्माण तेज। नपा अध्यक्ष सुंदर अत्री ने दी जानकारी।

 

बवानीखेड़ा। कस्बे के तहसील परिसर के सामने नगर पालिका प्रशासन की ओर से सुलभ शौचालय, बस क्यू शेल्टर और हाईमास्ट लाइट लगाने का कार्य तेजी से जारी है। कार्य पूरा होते ही इन सुविधाओं को आमजन के लिए शुरू कर दिया जाएगा।

इन परियोजनाओं के शुरू होने के बाद कस्बे के लोगों के साथ-साथ आसपास के लगभग 15 से 20 गांवों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। दरअसल कस्बे के भिवानी रोड पर पुलिस थाना, तहसील परिसर, पंचायत भवन, जलघर, निजी महाविद्यालय एवं स्कूल, गैस एजेंसी तथा गोशाला एक ही स्थान पर स्थित हैं। इस कारण यहां पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन रहता है। सरकारी दस्तावेजों और अन्य कार्यों के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। ऐसे में लंबे समय से यहां बस क्यू शेल्टर और सुलभ शौचालय की मांग की जा रही थी।

यह समस्या स्थानीय लोगों के माध्यम से नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री तक पहुंची जिसके बाद उन्होंने बिना देरी किए इस कार्य को अमलीजामा पहनाने की प्रक्रिया शुरू करवाई। सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया गया। संभावना जताई जा रही है कि अगले एक माह में कार्य पूरा कर इन सुविधाओं का शुभारंभ कर दिया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री ने कहा कि कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य लगातार जारी हैं।

बस क्यू शेल्टर बनने से ये होगा फायदा
तहसील परिसर के सामने बस क्यू शेल्टर बनने से पुलिस थाना, पंचायत भवन, जलघर प्रथम, बीके महाविद्यालय, तहसील कार्यालय, हुडा सेक्टर, बवानीखेड़ा ढाणी, रेलवे स्टेशन, बलियाली, सुमराखेड़ा और तोशाम की ओर आने-जाने वाले लोगों को एक निर्धारित बस स्टॉप की सुविधा मिलेगी। इसके निर्माण के बाद हांसी और भिवानी की ओर जाने वाली बसों का यहां निर्धारित ठहराव होगा जिससे आमजन को सुविधा होगी।

हाईमास्ट लाइट से दुर्घटनाओं और चोरी की घटनाओं पर लगेगी रोक
तहसील परिसर के सामने स्थित तिराहा चौक हांसी-भिवानी मुख्य मार्ग को तोशाम और रेलवे स्टेशन मार्ग से जोड़ता है। वहीं तोशाम और खानक क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां होने के कारण इस मार्ग से रातभर भारी वाहनों, ट्रकों और लोडरों का आवागमन बना रहता है। इस चौक पर हाईमास्ट लाइट लगने के बाद वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता मिलेगी जिससे दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। साथ ही क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी होने से चोरी जैसी घटनाओं पर भी अंकुश लगने की उम्मीद है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी।