Bhiwani News: पंचायत भवन में अंत्योदय परिवार उत्थान मेला आयोजित, सांसद और विधायक ने की शिरकत
भिवानी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का जीवन स्तर ऊंचा उठाना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से रविवार को पंचायत भवन में समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का आयोजन किया गया। मेले में सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि सरकार गरीब परिवारों के जीवन उत्थान के लिए काम कर रही है।
सांसद धर्मबीर सिंह और विधायक घनश्याम सर्राफ ने विभिन्न विभागों की स्टॉलों का अवलोकन कर अधिकारियों को पात्र परिवारों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों के लिए विशेष योजनाएं लागू कर रही है ताकि वे समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर अपना जीवन स्तर बेहतर बना सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंत्योदय परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि सरकार गरीब परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति गरीब न रहे और प्रत्येक परिवार की वार्षिक आय एक लाख 60 हजार रुपये से अधिक हो। इसी उद्देश्य से अंत्योदय परिवार उत्थान मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों का जीवन खुशहाल हुआ है और सरकार हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है। मेले के ऑल ओवर इंचार्ज एडीसी दीपक बाबूलाल करवा और नोडल अधिकारी एसडीएम महेश कुमार ने बताया कि एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों को फोन के माध्यम से सूचना देकर मेले में बुलाया गया। समाज कल्याण विभाग के अधिकारी रविंद्र हुड्डा ने बताया कि मेले में 3,078 लाभार्थियों को आमंत्रित किया गया। इनमें 26 गांवों के 1,404 और भिवानी शहर के 31 वार्डों के 1,674 लाभार्थी शामिल रहे।
इस अवसर पर एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम महेश कुमार, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि एवं पार्षद भवानी प्रताप सिंह, बीडीपीओ नवीन मलिक, सहायक रोजगार अधिकारी दीपक शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी देवेंद्र कुमार, जिला बागवानी अधिकारी देवी लाल और मत्स्य अधिकारी बलबीर सिंह मौजूद रहे।
बिना गारंटी जरूरतमंदों को दें ऋण : सांसद
सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि अंत्योदय परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ देकर रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बैंक अधिकारियों को जरूरतमंदों से गारंटी की शर्त नहीं लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पात्र लोगों को बिना देरी के ऋण उपलब्ध कराया जाए।
इन विभागों ने लगाई स्टॉल
अंत्योदय मेले में 19 विभागों ने स्टॉल लगाई। इनमें ग्रामीण विकास, हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम, सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड, पशुपालन एवं डेयरी, शहरी स्थानीय निकाय, बागवानी, हरियाणा स्किल डेवलपमेंट मिशन, हरियाणा बैकवर्ड क्लासिस एवं इकोनॉमिकली वीकर सेक्शन निगम शामिल रहे। इसके अलावा हरियाणा रेडक्रॉस सोसाइटी, हरियाणा महिला विकास निगम, रोजगार, बाल कल्याण, मत्स्य पालन, एमएसएमई और हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज निगम लिमिटेड ने भी स्टॉल लगाई। ग्रामीण आजीविका मिशन, डेयरी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन फेडरेशन, विकास एवं पंचायत तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग भी शामिल रहे। अधिकारियों ने लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई।