Bhiwani Army Recruitment Rally 2026: भीम स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती शुरू, 4 जिलों के 7138 युवा दिखा रहे दम
भिवानी। भीम स्टेडियम में अग्निपथ योजना के तहत सेना भर्ती रैली जारी है जिसमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी और भिवानी जिले के ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण 7,138 अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा के लिए बुलाया गया है।
सुबह चार बजे से अभ्यर्थियों को बैच के अनुसार स्टेडियम में प्रवेश दिया गया। अग्निवीर बनने के लिए युवाओं को 1600 मीटर दौड़ समेत विभिन्न शारीरिक परीक्षणों में अपना दमखम दिखाना होगा।
भर्ती रैली 2 से 15 सितंबर तक होगी और अभ्यर्थियों का प्रवेश प्रतिदिन सुबह चार बजे किया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी के कर्नल बीआर शेखावत ने बताया कि सभी पात्र अभ्यर्थियों को अलग-अलग श्रेणियों के लिए तिथिवार प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं। शारीरिक परीक्षण में 1600 मीटर दौड़ के अलावा कम से कम छह और अधिकतम 10 चिन-अप, नौ फीट डिच जंप और जिग-जैग बैलेंस आदि टेस्ट लिए जाएंगे। फिजिकल टेस्ट में सफल अभ्यर्थियों को अगले दिन चिकित्सा परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा।
भर्ती रैली के लिए प्रशासन के सहयोग से समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं। स्टेडियम में सेना के जवानों के साथ हरियाणा पुलिस के जवान भी तैनात किए गए हैं। अभ्यर्थियों के लिए दौड़ का बेहतर ट्रैक तैयार किया गया है। भर्ती रैली में पहुंचे राहुल और मोहित ने बताया कि यहां पहुंचकर उन्हें देश सेवा में शामिल होने का अवसर मिला है। उन्होंने अपनी दौड़ सफलतापूर्वक पूरी कर ली है और अब अन्य शारीरिक व मेडिकल परीक्षाओं में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सेना के अधिकारियों की ओर से शारीरिक जांच बेहतर तरीके से की जा रही है। भर्ती रैली के माध्यम से वे भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहते हैं।