{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Maha Gram Yojana: भिवानी के बापोड़ा में 30 लाख लीटर क्षमता का एसटीपी प्लांट तैयार, दिसंबर तक शुरू होगी योजना

भिवानी के बापोड़ा गांव में महाग्राम योजना के तहत शुद्ध पेयजल और सीवरेज शोधन संयंत्र पर तेजी से काम जारी। दिसंबर तक प्रोजेक्ट पूरा होने की उम्मीद।

 

भिवानी। हरियाणा के भिवानी स्थित बड़े गांवों में शुमार बापोड़ा में महाग्राम योजना के तहत ग्रामीणों को प्रतिदिन 155 लीटर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। अप्रैल 2027 तक निर्धारित इस परियोजना को इसी वर्ष दिसंबर तक चालू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। योजना के तहत गांव में नए जल भंडारण टैंक, क्लियर वाटर टैंक, पंप चैंबर और दो नए बूस्टिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। साथ ही, पुरानी लीकेज पाइपलाइनों को बदलकर नए क्षेत्रों में नई लाइनें बिछाई जा रही हैं, ताकि पानी की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

🌱 30 लाख लीटर दूषित पानी का होगा शोधन: एसटीपी परिसर में विकसित किया जाएगा भव्य हर्बल गार्डन

देवसर-बापोड़ा रोड पर तीन एमएलडी (3 MLD) क्षमता का मलजल शोधन संयंत्र (STP) तैयार किया जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन 30 लाख लीटर गंदे पानी का शोधन किया जाएगा। कनिष्ठ अभियंता बिजेश कुमार जावाला ने बताया कि शोधित पानी को घग्गर ड्रेन में छोड़ा जाएगा। इसके अलावा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए संयंत्र परिसर में एक हजार से अधिक छायादार, फलदार और औषधीय पौधे रोपे जा रहे हैं, जिसमें तुलसी, एलोवेरा, नीम, आम और आंवला जैसे पौधों का एक विशेष हर्बल गार्डन भी शामिल है।