{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Bar Association Election Results: एडवोकेट युधिष्ठिर वत्स बने नए प्रधान, विकास बुडानिया को 37 वोटों से दी मात

भिवानी जिला बार एसोसिएशन चुनाव के नतीजे घोषित। युधिष्ठिर वत्स बने प्रधान, जानिए कौन-कौन जीता।
 

भिवानी। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में देर रात 10 बजे के बाद नतीजों की घोषणा हुई। इसमें एडवोकेट युधिष्ठिर वत्स मात्र 37 मतों के अंतर से विकास बुडानिया को पछाड़ प्रधान चुने गए। रश्मि तंवर ने मीना को मात्र 40 मतों से हराकर उपाध्यक्ष महिला पद पर जीत दर्ज की।

एडवोकेट अशोक यादव ने दीपक सोनी को 59 मतों के अंतर से हराकर उपाध्यक्ष सामान्य पद पर जीत दर्ज की। एडवोकेट सचिन सिंगला ने एडवोकेट वरुण कुमार टिटानी को 83 मतों के अंतर से पछाड़ते हुए सचिव पद पर शानदार जीत दर्ज की। इसके अलावा, संयुक्त सचिव रेखा भुक्कल, कोषाध्यक्ष संतोष सैन, लाइब्रेरियन भारती रंगा, आडिटर नीर कैलाश और कार्यकारी सदस्य गरिमा शर्मा को निर्विरोध चुना गया।

जिला बार एसोसिएशन की चुनाव कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट रविंद्र शर्मा और रिटर्निंग ऑफिसर एडवोकेट देवेंद्र तंवर ने नतीजों की घोषणा करते हुए बताया कि प्रधान पद के लिए 1705 मत डाले गए। इनमें 36 मत रद्द कर दिए गए जबकि 1669 मत वैध रहे।

इसमें भारत सिंह बूरा को मात्र 16 वोट मिले जबकि सुरेंद्र हंस को 104 मत और विकास बुडानिया को 756 मत मिले। वहीं, 793 मत लेकर युधिष्ठिर वत्स ने प्रधान पद की जीत दर्ज की। इसी तरह, महिला उपाध्यक्ष के लिए 1705 मतों में से 38 मत रद्द हो गए और 1667 मत वैध रहे।