{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Bar Association Election: जिला बार एसोसिएशन चुनाव की तैयारियां पूरी, 11 सितंबर को होगा मतदान और नतीजे घोषित

भिवानी में जिला बार एसोसिएशन चुनाव 11 सितंबर को। 1814 अधिवक्ता डालेंगे वोट, प्रत्याशियों की पूरी सूची जारी।
 

भिवानी। जिला बार एसोसिएशन चुनाव में अधिवक्ता परिचय पत्र के साथ मतदान कर सकेंगे। 11 सितंबर को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक मतदान होगा और मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव से पहले मतदाता सूची अपडेट की गई है जिसमें 1814 अधिवक्ताओं के नाम शामिल हैं।

जबकि 130 अधिवक्ताओं को सूची में शामिल करने की औपचारिकता जल्द पूरी की जाएगी। इस बार बार चुनाव में कार्यकारी सदस्य का चुनाव भी कराया जा रहा है। जिला बार एसोसिएशन की चुनाव कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट रविंद्र शर्मा ने बताया कि मतदान के लिए आईडी अनिवार्य की गई है। अधिवक्ताओं को बार काउंसिल पंजाब एवं हरियाणा और जिला बार एसोसिएशन के कार्ड के अलावा एक अन्य वैध आईडी भी साथ लानी होगी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में 200 से अधिक महिला अधिवक्ता भी शामिल हैं। जिला बार चुनाव में जिन पदों पर किसी अन्य प्रत्याशी ने आवेदन नहीं किया है, उन पदों के नामों की घोषणा मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जाएगी।

ये प्रत्याशी मैदान में
प्रधान पद के लिए एडवोकेट युधिष्ठिर वत्स, भारत सिंह बूरा, सुरेंद्र कुमार हंस और विकास बुडानिया के बीच मुकाबला है। सचिव पद के लिए जगजीत सिंह परमार, नरेंद्र शर्मा, सचिन कुमार सिंगला, संजय महता और वरुण कुमार टिटानी चुनाव मैदान में हैं। उप प्रधान पद (महिला आरक्षित) के लिए एडवोकेट मीना, पूजा तंवर और रश्मि ठाकुर आमने-सामने हैं। वहीं उप प्रधान पद (सामान्य श्रेणी) के लिए अशोक कुमार यादव, दीपक सोनी, मुकेश अग्रोहिया और तिलक राज के बीच मुकाबला होगा।