भिवानी: बवानीखेड़ा में गहराया पानी का संकट, कांग्रेस ने सरकार को घेरा
भिवानी में पेयजल संकट पर कांग्रेस का हमला। सांसद निधि से पानी के टैंकर वितरण के दौरान प्रदीप नरवाल ने सरकार पर नहर का पानी न देने और विफल होने का आरोप लगाया।
भिवानी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल ने कहा कि पेयजल और सिंचाई का पानी उपलब्ध कराने में सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि बवानीखेड़ा क्षेत्र में सुंदर नहर का पूरा पानी नहीं मिल रहा जिसके विरोध में ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। रविवार को हिसार सांसद जयप्रकाश की सांसद निधि से उपलब्ध कराए गए पानी के टैंकर ग्राम पंचायतों को सौंपने के दौरान उन्होंने यह बात कही।
गर्मियों के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट कम करने और जनहित के कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हिसार के सांसद जयप्रकाश ने सांसद निधि कोटे से बवानीखेड़ा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराए। प्रदीप नरवाल की अध्यक्षता में ये टैंकर सिकंदरपुर, पपौसा, रोहनात, जीताखेड़ी, मुंढाल कलां, मित्ताथल, मंढाणा, घुसकानी और बड़सी गुजरान ग्राम पंचायतों को सौंपे गए।
इस अवसर पर प्रदीप नरवाल ने कहा कि सरकार बड़े-बड़े वादे करके सत्ता में आई थी लेकिन जब ड्रेने की सफाई, नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की बात आती है तो प्रशासन आंखें मूंद लेता है। उन्होंने कहा कि यह जनता के मौलिक अधिकारों का हनन है। पानी कोई खैरात नहीं बल्कि लोगों का अधिकार है और इसके लिए संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि बवानीखेड़ा क्षेत्र में सुंदर नहर का पूरा पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और इसी मांग को लेकर ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के संघर्ष में पूरी तरह उनके साथ है और आवश्यकता पड़ने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर लक्ष्यजीत पान्नू, काला मुंढाल, अनिल नेहरा, सत्तू ठेकेदार, नरेश सरपंच, कपिल सरपंच प्रतिनिधि, जयबीर सरपंच तथा रजनीश बीडीसी सहित अन्य मौजूद रहे।