भिवानी का बदलेगा स्वरूप: हांसी रोड पर लगेंगे विक्टोरिया स्ट्रीट लाइट पोल
भिवानी शहर के सुंदरीकरण के लिए नगर परिषद ने शुरू किया नया अभियान। 2 करोड़ की लागत से हांसी रोड समेत प्रमुख मार्गों पर लगेंगे अत्याधुनिक विक्टोरिया स्ट्रीट लाइट पोल।
भिवानी। शहर के सुंदरीकरण के तहत नगर परिषद ने हांसी रोड सहित प्रमुख मार्गों पर नए डिजाइन के विक्टोरिया स्ट्रीट लाइट पोल लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। इसी योजना के तहत करीब दो करोड़ रुपये की लागत से शहर की सूरत बदलने की तैयारी की जा रही है और हांसी रोड सहित कई मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइट पोल लगाए जा रहे हैं।
शुरुआती चरण में सर्कुलर रोड, रोहतक रोड, हांसी रोड और लोहारू रोड पर इन पोलों को स्थापित किया जा रहा है। हांसी रोड पर बासिया भवन से जूई नहर तक नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। नगर परिषद के अनुसार शहर की करीब 250 जगहों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी जिन पर लगभग दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। फिलहाल हांसी रोड पर बासिया भवन के समीप नए पोल लगाने का कार्य जारी है।
दरअसल, नगर परिषद द्वारा सर्कुलर रोड के डिवाइडरों सहित शहर के सभी प्रवेश मार्गों और मुख्य चौक-चौराहों पर पुराने स्ट्रीट लाइट पोल बदलने का कार्य किया जा रहा है। रोहतक गेट से हुन्नामल की प्याऊ तक, ऑटो मार्केट और रेलवे पुल से निकासी नाले तक डिवाइडरों पर नए पोल लगाए जा चुके हैं। अब हांसी गेट से जूई नहर तक नए पोल लगाने का कार्य किया जा रहा है।
नगर परिषद की ओर से पुराने स्ट्रीट लाइट पोलों को हटाकर शहर के अंदरूनी हिस्सों में जहां अभी तक प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं है वहां लगाया जाएगा। हालांकि अभी हांसी रोड पर नए पोल लगाए जा रहे हैं और पुराने पोलों को हटाने का कार्य शुरू नहीं हुआ है।
फुटपाथों के सुंदरीकरण का 90 फीसदी कार्य पूरा
हांसी रोड पर जूई नहर पुलिया तक किए जा रहे फुटपाथों के सुंदरीकरण का कार्य 90 फीसदी पूरा हो चुका है, जिससे पैदल राहगीरों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट पोल बदलने का कार्य भी इसी सप्ताह पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्य पूरा होने पर शहर की सुंदरता में और निखार आएगा।
शहर में नए स्ट्रीट लाइट पोल लगाने का कार्य जारी है। करीब दो करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य पूरा किया जाएगा और जल्द ही सभी प्रमुख स्थानों पर नई लाइटें लगाई जाएंगी। नए पोल लगाने के बाद पुराने पोलों को हटाने का कार्य किया जाएगा।