{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana BJP Women Wing News: बॉक्सिंग ग्लव्स पहनकर महिला सशक्तिकरण का संदेश, फिर तीखे सवालों पर चुप हुईं अर्चना गुप्ता

भिवानी में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने मीडिया वार्ता के दौरान महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया, लेकिन तीखे सवालों पर हाथ जोड़कर चली गईं।

 

भिवानी। भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता रविवार को भिवानी में पत्रकार वार्ता के दौरान मीडिया के अधिकांश सवालों पर हाथ जोड़कर खड़ी हो गईं और आगे के सवालों से बचते हुए चली गईं। इससे पहले उन्होंने हाथों में मुक्केबाजी के ग्लव्ज पहनकर पंच बनाते हुए महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया।

मीडिया के सवालों का सिलसिला बढ़ने पर पूर्व राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने स्थिति संभाली और खिलाड़ियों से जुड़े मुद्दों पर जवाब दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में खिलाड़ियों की बात नहीं सुनी जाती थी। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हर गांव में व्यायामशालाएं बनवाईं और इनमें योग शिक्षकों की नियुक्ति भी की है। व्यायामशालाओं में व्यवस्थाएं खराब होने के सवाल पर अर्चना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार निर्देश दे रहे हैं और सुधार किया जा रहा है। इतना बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में समय लगता है। उन्होंने सवाल उठाने वालों से पूछा कि ऐसी व्यवस्थाएं क्यों नहीं बनाई गईं कि हरियाणा कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी कर सके। इसके बाद वह हाथ जोड़कर खड़ी हो गईं और चली गईं।

गुजरात में सुविधाएं हैं तो हरियाणा में भी देंगे
कांग्रेस की ओर से हरियाणा के खिलाड़ियों के पदक जीतने और कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारी गुजरात में होने को लेकर उठाए जा रहे सवाल पर अर्चना गुप्ता ने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स भारत में होते हैं तो यह पूरे देश के लिए गौरव की बात होगी। जिस प्रदेश में ऐसे खेल आयोजनों के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं वहां वैसी व्यवस्थाएं होनी चाहिए। आज गुजरात में ऐसी सुविधाएं हैं तो कल हरियाणा में भी होंगी। मुद्दा यह नहीं होना चाहिए कि कॉमनवेल्थ गुजरात में हों या हरियाणा में। खिलाड़ी भारत के हैं और भारत को मेजबानी मिलना गौरव का अवसर होगा। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि जो सांसद इस पर सवाल उठा रहे हैं वे राज्यसभा के सदस्य हैं। राज्यसभा के सांसद सांझे होते हैं।

हर गांव में व्यायामशाला, नए स्टेडियम बनाने का दावा

अर्चना गुप्ता ने कहा कि गांवों में व्यायामशालाएं खड़ी की जा रही हैं और नए स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। इतना बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में समय लगता है। व्यायामशालाओं की व्यवस्थाओं में कमी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार निर्देश दे रहे हैं और इन्हें सुधारा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाने वालों से पूछा कि ऐसी व्यवस्थाएं क्यों नहीं खड़ी की गईं कि हरियाणा कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी कर सके।