Bhiwani Chang Village News: चांग गांव में 6 महीने में 14 कैंसर मरीज मिलने से हड़कंप, 8 अगस्त को बुलाई गई महापंचायत
भिवानी के चांग गांव में 6 माह में 14 से अधिक कैंसर मरीज सामने आने से हड़कंप। स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी के खिलाफ 8 अगस्त को बुलाई गई गांव की महापंचायत।
चांग। गांव चांग में बढ़ते कैंसर के मामलों को लेकर ग्राम पंचायत गंभीर हो गई है। पिछले छह माह में 14 से अधिक युवा और बुजुर्गों के कैंसर से पीड़ित होने का दावा करते हुए पंचायत ने आठ अगस्त को गांव में बड़ी पंचायत बुलाने का निर्णय लिया है। पंचायत में ग्रामीणों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में सरकार तक समस्या पहुंचाने के लिए आगामी रणनीति तय की जाएगी।
ग्राम पंचायत ने इसके लिए गांव में मुनादी भी करवाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बढ़ते कैंसर के मामलों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने अब तक गांव में कोई जांच अभियान या स्वास्थ्य शिविर आयोजित नहीं किया है। गांव की सरपंच सुदेश देवी ने बताया कि पिछले छह माह में कैंसर के मरीजों की संख्या बढ़ना चिंता का विषय है। इस गंभीर समस्या को लेकर आठ अगस्त को होने वाली पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया जाएगा। इसमें गांव के गणमान्य लोगों के साथ पंचायत के पंच भी शामिल होंगे।
स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में रोष
गांव चांग के ग्रामीण हट्टी सिंह, मुकेश तंवर, बिट्टू, मास्टर रमेश शर्मा और पूर्व पंच रामकुमार फौजी ने बताया कि गांव में बढ़ते कैंसर के मामलों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अब तक कोई जानकारी जुटाने का प्रयास नहीं किया है। उन्होंने मांग की कि विभाग गांव में अभियान चलाकर या स्वास्थ्य शिविर लगाकर कैंसर के कारणों की जांच करे।
गांव चांग में बढ़ते कैंसर पर रोक लगाने के लिए आठ अगस्त को पंचायत करने का फैसला लिया है। इसमें सरकार तक बात पहुंचाने के लिए रणनीति बनाई जाएगी। गांव में कैंसर मरीजों की बढ़ती संख्या गंभीर चिंता का विषय है।
गांव चांग में कैंसर रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग को गांव में पहुंचकर जांच करनी चाहिए कि कैंसर बढ़ने का कारण क्या है। यह मामला ग्रामीणों के स्वास्थ्य से जुड़ा है। इसमें किसी तरह की कोताही ठीक नहीं है।
गांव में कैंसर मरीजों की जानकारी जुटाना स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी है। विभाग ने गांव में पहुंचकर इस दिशा में कोई पहल नहीं की है। भिवानी से स्वास्थ्य टीम पहुंचना तो दूर की बात है, गांव चांग पीएचसी इंचार्ज ने भी कैंसर रोगियों की जानकारी लेना जरूरी नहीं समझा।
स्वास्थ्य विभाग को चांग में बढ़ते कैंसर मरीजों की जांच के लिए अभियान चलाना चाहिए या शिविर लगाना चाहिए ताकि बीमारी के कारणों का पता लगाया जा सके। गांव में कैंसर के मरीजों की संख्या बढ़ना स्वास्थ्य विभाग और सरकार के लिए गंभीर विषय है। इस पर समय रहते संज्ञान लेना चाहिए।