भिवानी: समाधान शिविर का असर! सर्कुलर रोड पर डिवाइडर की रेलिंग दुरुस्त करने का काम शुरू, हादसों पर लगेगी लगाम
भिवानी के समाधान शिविर में मुद्दा उठने के बाद PWD ने सर्कुलर रोड के डिवाइडर पर गायब और टूटी रेलिंग को लगाने का काम शुरू कर दिया है। घंटाघर से हांसी गेट मार्ग पर नई रेलिंग लगने से अब अवैध तरीके से सड़क पार करने वालों पर रोक लगेगी और हादसे कम होंगे।
भिवानी। समाधान शिविर में मामला उठने के बाद सर्कुलर रोड के डिवाइडर से गायब और टूटी रेलिंग को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों ने शहर में घंटाघर से हांसी गेट की ओर जाने वाले मार्ग पर खाली पड़ी जगहों पर नई रेलिंग लगानी शुरू की।
इन स्थानों से पहले लोहे की रेलिंग चोरी हो चुकी थी। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी की ओर से संबंधित पुलिस थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। दरअसल, देवसर चुंगी से लेकर घंटाघर और हांसी गेट तक डिवाइडर पर कई स्थानों से रेलिंग गायब थी। इसके कारण लोग बीच से सड़क पार करने का प्रयास करते थे जिससे हादसों की आशंका बढ़ गई थी। यह मुद्दा जिला प्रशासन के समाधान शिविर में भी कई बार उठाया गया था। अधिकारियों ने रेलिंग दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन काम शुरू नहीं हो पाया था।
शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी खाली स्थानों पर रेलिंग लगाने पहुंचे। घंटाघर से हांसी गेट क्षेत्र तक जिन स्थानों पर रेलिंग टूटी या चोरी हो गई थी, वहां नई रेलिंग लगाई गई। पीडब्ल्यूडी के जेई सोनू हुड्डा ने बताया कि सर्कुलर रोड के डिवाइडर की रेलिंग को दुरुस्त कराया जा रहा है।