Bhiwani Civil Hospital Accident: भिवानी नागरिक अस्पताल की चौथी मंजिल से गिरकर बुजुर्ग महिला की मौत, परिजनों में कोहराम
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार सुबह वार्डों की तरफ जाने वाली लॉबी में चौथी मंजिल से नीचे गिरने से आजाद मोहल्ला निवासी 75 वर्षीय खजानी देवी की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही दिनोद गेट पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। मृतका के बेटे सुनील ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करता है। वे दो भाई और पांच बहन हैं तथा सभी शादीशुदा हैं। उसने बताया कि उसकी मां मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे घर से सैर के लिए निकली थीं। इसके बाद उसे पुलिस से हादसे की जानकारी मिली। सुनील ने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ समय से उसकी मां की दिमागी हालत ठीक नहीं थी।
आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि वार्डों की तरफ जाने वाले बंद रास्ते की लॉबी से महिला के नीचे गिरने की आवाज सुनाई दी थी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दिनोद गेट पुलिस चौकी की जांच अधिकारी पूनम ने बताया कि मृतका के बेटे सुनील के बयान दर्ज किए गए हैं।