Bhiwani CRPF Jawan Death News: ढिगावामंडी के लाल CRPF जवान कुलवंत सिंह का निधन, सैन्य सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार
ढिगावामंडी। गांव पहाड़ी के लाल और सीआरपीएफ की 137वीं बटालियन उदयपुर में तैनात जवान कुलवंत सिंह (41) का कैंसर की बीमारी के चलते निधन हो गया। शुक्रवार को पैतृक गांव पहाड़ी में उनका सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गांव गिगनाऊ से पहाड़ी तक तिरंगा यात्रा निकाली गई और देशभक्ति के जयकारों के बीच पूरे गांव ने नम आंखों से अपने लाल को अंतिम विदाई दी।
जानकारी के अनुसार कुलवंत सिंह वर्ष 2004 में सीआरपीएफ में भर्ती हुए थे। 137वीं बटालियन के परिपत्र के अनुसार उनका निधन 22 अगस्त की शाम करीब छह बजे गांव स्थित उनके घर पर हुआ। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे और जम्मू व दिल्ली में लंबे समय तक उपचाराधीन रहे। वर्तमान में मेडिकल लीव पर गांव आए हुए थे।
गांव गिगनाऊ से पहाड़ी तक जवान के पार्थिव शरीर को सेना के वाहन में रखा गया। इसके साथ बाइक और गाड़ियों का काफिला तिरंगा लेकर चल रहा था। देशभक्ति के जयकारों के बीच अंतिम यात्रा गांव पहाड़ी पहुंची। अंतिम संस्कार के दौरान सेना की टुकड़ी ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। सेना के सहायक लेफ्टिनेंट राकेश कुमार ने जवान के बड़े बेटे विपुल को तिरंगा सौंपा।
कुलवंत सिंह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका बड़ा बेटा विपुल मर्चेंट नेवी में कार्यरत है जबकि छोटे बेटे सरीन ने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की है। उनकी पत्नी ममता देवी गृहिणी हैं। माता सावित्री और पिता रामशरण गांव में खेती-बाड़ी करते हैं। छोटा भाई दिनेश गेस्ट टीचर है। बहन सुमन देवी का भी भाई के निधन पर रो-रोकर बुरा हाल रहा। अंतिम यात्रा में कांग्रेस विधायक राजबीर फरटिया, वीरेंद्र मान, पूर्व सैनिकों के अलावा गांव के सरपंच प्रतिनिधि रमेश, समाजसेवी नरेश और कमल सिंह मान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।