Bhiwani News: भिवानी की डाबर कॉलोनी में नारकीय जीवन जीने को मजबूर लोग; सीवर ओवरफ्लो से गलियों में भरा गंदा पानी, बीमारियों का खतरा बढ़ा
भिवानी के वार्ड नंबर 18 स्थित डाबर कॉलोनी की गली नंबर 17 में ठप सीवर व्यवस्था को लेकर लोगों ने रोष जताया है। पिछले कई सालों से मैनहोल की सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों और खाली प्लॉटों में जमा हो रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।
भिवानी। डाबर कॉलोनी में गली नंबर 17 में पिछले लंबे अर्से से क्षेत्र के लोग ठप सीवर व्यवस्था का दंश झेल रहे हैं। कॉलोनी के लोगों ने वीरवार को ठप सीवर की समस्या को लेकर आक्रोश जताया और नारेबाजी की। इस दौरान क्षेत्र के लोगों का कहना था कि कच्ची गलियों के अंदर सीवर और पानी की लाइन तो हैं, मगर सीवर मैनहोल की सफाई नहीं होने की वजह से गंदा पानी सड़कों पर ही फैल रहा है। जिसकी आगे निकासी नहीं हो पा रही है। संबंधित अधिकारियों को भी कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं, मगर कोई समाधान नहीं है।
शहर के वार्ड नंबर 18 के तहत आने वाली डाबर कॉलोनी की गली नंबर 17 के क्षेत्रवासियों का कहना है कि गली के अंदर सीवर मैनहोल ओवरफ्लो हो रहे हैं। जिनका गंदा पानी गली के अंदर दूर तक फैला रहता है। कच्ची गली के अंदर सीवर का गंदा पानी कीचड़ में तब्दील हो रहा है जिससे फिसलन और बदबू से बीमारियों के संक्रमण का खतरा भी बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि काफी बार सीवर मैनहोल की सफाई को लेकर संबंधित अधिकारियों व वार्ड पार्षद तक गुहार लगाई जा चुकी है। वार्ड पार्षद की तरफ से भी संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। कच्ची गली होने की वजह से मैनहोल गंदगी से ठसाठस अटे पड़े हैं, जिसकी वजह से गंदा पानी आगे लाइन में नहीं पहुंच रहा है।
हमारी गली के अंदर लोग आना-जाना भी पसंद नहीं करते, क्योंकि गंदा पानी फैलने की वजह से बदबू दूर-दूर तक फैली रहती है। हमें यहां रहते हुए गांव जैसे हालात लगते हैं, क्योंकि शहर की कोई सुविधा यहां नहीं मिल रही है।
सीवर का गंदा पानी हर समय गली के अंदर ही फैला रहता है। पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। मक्खी-मच्छरों की भरमार है। घरों के अंदर भी लोग बदबू की वजह से परेशान हैं। सीवर लाइन की सफाई कराई जाए तो इस समस्या से निजात मिल सकती है।
डाबर कॉलोनी क्षेत्र में काफी जगह सीवर मैनहोल ठप पड़े हैं, जिनकी कई सालों से सफाई तक नहीं कराई गई है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीवर मैनहोल ओवर फ्लो होने की वजह से खुले में फैल रहा है। कई जगह तो सीवर मैनहोल ओवरफ्लो होने के कारण खाली प्लाटों में गंदा पानी जमा हो रहा है। जल्द समस्या का समाधान कराया जाए।
गली को पक्का कराए जाने की काफी बार गुजारिश की जा चुकी है, लेकिन कच्ची गली के अंदर सीवर मैनहोल ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी फैला रहता है। जिससे यहां के हालात बद से बदतर बने हैं। हमारे यहां मेहमान भी नहीं आते, क्योंकि यहां बदबू की वजह से स्थानीय लोगों का रहना भी मुहाल हो चुका है।
डाबर कॉलोनी की गली नंबर 17 को पक्का कराए जाने का एजेंडा पास हो चुका है। जल्द ही इस गली को पक्का कराया जाएगा। काफी अर्से से कॉलोनी के सीवर मैनहोल की सफाई नहीं कराई गई है। इस संबंध में भी जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को काफी बार अवगत कराया जा चुका है। अधिकारियों ने जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया है।