{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Dhanana Village CHC News: धनाना सीएचसी के नए भवन का रास्ता साफ, खाप पंचायत और ग्रामीणों ने लिया बड़ा फैसला

भिवानी के गांव धनाना में सीएचसी के नए अत्याधुनिक भवन निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। 12 अगस्त तक अस्थायी भवन में स्वास्थ्य सेवाएं स्थानांतरित होंगी।

 

भिवानी। गांव धनाना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के नए अत्याधुनिक भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पुराने भवन को खाली कर गिराने और नए भवन के निर्माण के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों इसके लिए हुई बैठक में ग्रामीणों और खाप प्रतिनिधियों ने 12 अगस्त तक गांव में ही उपयुक्त अस्थायी भवन उपलब्ध कराने पर सहमति जताई।

सीएचसी परिसर खाली करने के आधिकारिक आदेश पहले ही जारी हो चुके हैं। इसी के मद्देनजर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) डॉ. नागेश महर्षि की अध्यक्षता में ग्रामीणों और खाप प्रतिनिधियों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांव की तीनों पंचायतों के सरपंच, जाटू खाप-84 के प्रधान भीम सिंह, घणघस खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेम सिंह घणघस सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक में सभी प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य सेवाओं से कोई समझौता नहीं होने देने का भरोसा दिया। उन्होंने सामूहिक रूप से 12 अगस्त तक गांव में ही सुविधाजनक अस्थायी भवन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। एसएमओ डॉ. नागेश महर्षि ने बताया कि पुराने सीएचसी भवन को खाली कर जल्द नए भवन का निर्माण शुरू किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्राथमिकता यह है कि निर्माण अवधि में मरीजों और आसपास के क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। नया स्थान उपलब्ध होते ही सीएचसी की ओपीडी, आपातकालीन और अन्य सभी स्वास्थ्य सेवाओं को वहां स्थानांतरित कर दिया जाएगा ताकि मरीजों को निर्बाध और सुचारु स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।