{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: बिजली निगम में नए डिविजन और सब-डिविजन का प्रस्ताव दो साल से लंबित

भिवानी में बिजली वितरण को मजबूत करने के लिए नए डिविजन और सब-डिविजन का प्रस्ताव दो साल से मुख्यालय में अटका। उपभोक्ताओं की परेशानी और नेटवर्क विस्तार की पूरी रिपोर्ट।

 

भिवानी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम में एक नए डिविजन और दो नई सब डिविजन का प्रस्ताव पिछले दो साल से मुख्यालय में लंबित है। बाढड़ा सब डिविजन को डिविजन का दर्जा मिल चुका है लेकिन तोशाम सब डिविजन को डिविजन और भिवानी शहर के हांसी रोड व लोहारू रोड क्षेत्र के लिए दो नई सब डिविजन बनाने का मसौदा अभी तक मंजूरी का इंतजार कर रहा है।

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के भिवानी सर्कल में भिवानी और चरखी दादरी जिले शामिल हैं। दोनों जिलों में वर्तमान में निगम की 18 सब डिविजन और चार डिविजन हैं। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 20 सब डिविजन और पांच डिविजन हो जाएगी। निगम अधिकारियों के अनुसार नई डिविजन और सब डिविजन बनने से प्रशासनिक कार्यों का विकेंद्रीकरण होगा। साथ ही बिजली वितरण नेटवर्क को मजबूत करने, उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने तथा शिकायतों के त्वरित समाधान में सुविधा मिलेगी।

सर्कल में करीब सात लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनकी बिजली संबंधी शिकायतों के निस्तारण, नए कनेक्शन जारी करने और बिजली लाइनों के सुदृढ़ीकरण के कार्यों में मौजूदा व्यवस्था पर दबाव बना हुआ है। नई डिविजन और सब डिविजन बनने के बाद वहां अलग से कार्यकारी अभियंता, एसडीओ और अन्य स्टाफ की तैनाती हो सकेगी जिससे कार्यों में तेजी आएगी।

निगम के तहत कॉमर्शियल, घरेलू, ट्यूबवेल तथा औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ता आते हैं। इन उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भिवानी शहर में दो नई सब डिविजन प्रस्तावित की गई हैं। वहीं बाढड़ा सब डिविजन को करीब छह माह पहले डिविजन का दर्जा मिल चुका है और वहां कार्यकारी अभियंता की नियुक्ति भी हो चुकी है। इसके बावजूद तोशाम डिविजन और शहर के हांसी रोड तथा लोहारू रोड क्षेत्र के लिए प्रस्तावित दो नई सब डिविजन का मामला अभी मुख्यालय में लंबित है। इस संबंध में निगम अधिकारी लगातार पत्राचार कर रहे हैं।

ये हैं भिवानी सर्कल की 18 सब डिविजन
ऑपरेशन सिटी सब डिवीजन भिवानी
सब अर्बन सब डिवीजन नंबर एक
सब अर्बन सब डिवीजन नंबर दो
ऑपरेशन सब डिवीजन नंबर एक तोशाम
ऑपरेशन सब डिवीजन नंबर दो तोशाम
ऑपरेशन सब डिवीजन बवानीखेड़ा
डिवीजन सब अर्बन भिवानी
सिवानी सब डिवीजन
बहल सब डिवीजन
लोहारू सब डिवीजन
ढिगावा जाटान सब डिवीजन
जूई कलां सब डिवीजन
सब डिवीजन ऑपरेशन सांजरवास
दादरी सिटी सब डिवीजन
सब अर्बन दादरी सब डिवीजन
झोझूकलां सब डिवीजन
बाढड़ा सब डिवीजन
अटेला कलां सब डिवीजन

हांसी और लोहारू रोड पर हुआ आवासीय क्षेत्र का विस्तार
भिवानी शहर के हांसी और लोहारू रोड पर आवासीय कॉलोनियों का विस्तार गांवों की सीमा तक पहुंच चुका है। लोहारू रोड पर गांव देवसर मोड़ तक आवासीय कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। वहीं इस मार्ग से जुड़े आसपास के गांवों में भी बिजली आपूर्ति का दबाव बढ़ा है। इसी प्रकार हांसी रोड पर तिगड़ाना मोड़ और गांव प्रेम नगर तक शहर का विस्तार हो चुका है। भिवानी शहर में पहले से तीन शहरी सब डिविजन संचालित हैं और इनमें तीन एसडीओ तैनात हैं। इसके अलावा शहर में करीब चार नए 33 केवी सब स्टेशन भी बन चुके हैं तथा दो नए पावर सब स्टेशन निर्माणाधीन प्रस्तावित हैं। निगम के प्रशासनिक कार्यों, ढांचागत सुविधाओं के विस्तार और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए नई सब डिविजनों की आवश्यकता महसूस की जा रही है। इनका प्रस्ताव भी करीब दो वर्ष पहले निगम मुख्यालय को भेजा जा चुका है।

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने बाढड़ा को डिविजन का दर्जा दे दिया है। इसके बाद तोशाम डिविजन की प्रक्रिया अभी चल रही है। इसी तरह भिवानी शहर में भी दो नई सब डिविजन प्रस्तावित हैं जिनकी प्रक्रिया भी चल रही है। इन्हें भी जल्द अलग से डिविजन और सब डिविजन का दर्जा मिल जाएगा। निगम प्रबंधन लगातार बिजली उपभोक्ताओं को ढांचागत सुविधाओं में विस्तार कर निर्बाध बिजली आपूर्ति मुहैया कराने का काम कर रहा है। इसी कड़ी में उपभोक्ताओं के लिए ये सुविधा भी मिलना शुरू हो जाएगी।