{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी: खेत में बुलाकर युवक की पीट-पीटकर हत्या, पिता-पुत्र पर केस दर्ज

भिवानी के गांव दिनोद में 23 वर्षीय युवक रवि की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या। खेत में बुलाकर की गई बर्बरता। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला।

 

भिवानी : भिवानी के गांव दिनोद में एक युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। जिसमें गांव के ही आरोपी पिता-पुत्र द्वारा लाठी-डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। जिसके बाद पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं परिजनों के बयान पर कार्रवाई की जा रही है। 
 
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भिवानी के गांव दिनोद निवासी करीब 23 वर्षीय रवि के रूप में हुई है।  मृतक के ताऊ गांव दिनोद निवासी दुलीचंद ने बताया कि गांव के ही पिता पुत्र ने रवि को फोन करके अपने खेत में बुला लिया। कई बार बुलाने के बाद रवि उनके पास चला गया। खेत में पहुंचने के बाद दोनों ने रवि के हाथ-पांव बांधे और खेत में बने कमरे में ले जाकर लाठी-डंडों से उसे मारा। आरोपियों ने रवि को अधमरा करके कमरे से बाहर डाल दिया। इसके बाद परिवार वालों को इसका पता लगा तो उन्होंने रवि को संभाला। घायल रवि को उपचार के लिए भिवानी के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उपचार के बाद रवि को मृत घोषित कर दिया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किस रंजिश में हत्या की। जब रवि कमरे के बाहर मिला तो उसके हाथ पर रस्सी बंधी हुई थी। रवि करीब 2 साल पहले आरोपियों के यहां पर ट्रैक्टर चलाता था। जो तीन-भाई बहनों में सबसे बड़ा था और अविवाहित था। रवि से एक छोटा भाई व बहन है। उन्होंने मांग की कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। 

जांच में जुटी पुलिस

 सदर थाना के जांच अधिकारी जांच अधिकारी सत्यपाल ने बताया कि मामले का पता लगते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। प्राथमिक जांच के अनुसार आरोपी मृतक को घर से बुलाकर खेत में ले गए थे। जहां जाकर झगड़ा किया और मारपीट की। इस झगड़े में चोट लगने के बाद उपचार के लिए अस्पताल में लेकर आए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने शिकायत दी है। जिसके आधार पर हत्या का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी। मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला किया गया है।