{"vars":{"id": "123258:4912"}}

भिवानी जिला बार एसोसिएशन चुनाव 11 सितंबर को, न्यायालय परिसर में सरगर्मियां तेज

भिवानी जिला बार एसोसिएशन चुनाव 11 सितंबर को आयोजित होंगे। चुनाव को लेकर जिला न्यायालय परिसर में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जानिए चुनाव की पूरी तैयारी।

 

भिवानी। जिला बार एसोसिएशन के 11 सितंबर को होने वाले चुनाव से पहले जिला न्यायालय परिसर में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। मतदान में अभी एक माह से अधिक समय शेष है लेकिन भावी उम्मीदवारों ने न्यायालय परिसर में होर्डिंग्स और बैनर लगाने के साथ अधिवक्ताओं के चैंबरों में जनसंपर्क भी शुरू कर दिया है।

बार चुनाव को लेकर इस बार वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने भी अपनी दावेदारी मजबूत करनी शुरू कर दी है। पहली बार कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं के होर्डिंग्स और बैनर न्यायालय परिसर में दिखाई दे रहे हैं। वहीं युवा अधिवक्ताओं के भी चुनावी मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में इस बार मुकाबला वरिष्ठ और युवा अधिवक्ताओं के बीच रोचक होने के आसार हैं।

अधिवक्ता मुकेश गुलिया ने बताया कि बार चुनाव को लेकर इस बार काफी दिलचस्प मुकाबले देखने को मिल सकते हैं। वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ युवा अधिवक्ता भी चुनाव लड़ते हैं तो मुकाबला और रोचक हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इन दिनों बार का अधिकांश समय कार्य स्थगित रहने के कारण चुनावी चर्चाओं में ही बीत रहा है। उल्लेखनीय है कि बार एसोसिएशनों का कार्यकाल फरवरी में ही समाप्त हो गया था लेकिन बार काउंसिल के चुनाव में देरी होने के कारण अब 11 सितंबर को बार एसोसिएशनों के चुनाव कराए जाएंगे। भिवानी जिला मुख्यालय के अलावा लोहारू और तोशाम बार में भी चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट संदीप तंवर ने बताया कि बार चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच चर्चाएं तेज हैं। जो अधिवक्ता चुनाव लड़ना चाहते हैं, वे अपनी तैयारियों में जुट गए हैं।